टूटा नाला ढक्कन बना हादसे का कारण, लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बना ब्रेकर एवं नाले का ढक्कन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है. इससे वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. रात के समय अंधेरे में कई बाइक चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं.

गोगरी(खगड़िया) से धीरज सिंह की रिपोर्ट:

नगर परिषद गोगरी-जमालपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या-22 स्थित पंसारी गर्ल्स इंटर विद्यालय रोड को स्वस्तिम अस्पताल से जोड़ने वाली सड़क पर नाले का ढक्कन टूट जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त ढक्कन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बना ब्रेकर एवं नाले का ढक्कन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है. इससे वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. रात के समय अंधेरे में कई बाइक चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं.

स्थानीय निवासी नवनीत कुमार ने बताया कि उनकी दुकान टूटे हुए नाले के ढक्कन के सामने ही है और उन्होंने कई बार लोगों को दुर्घटनाग्रस्त होते देखा है. उन्होंने कहा कि कई बार वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद कार्यालय को इसकी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. इस सड़क से होकर आसपास के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों के बच्चे प्रतिदिन आवागमन करते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है.

इधर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है. स्थल निरीक्षण कर जल्द ही नाले के ढक्कन की मरम्मत कराई जाएगी.

गौरतलब है कि लगभग एक माह पूर्व ही पंसारी इंटर स्कूल रोड का पुनर्निर्माण कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद नाले के टूटे ढक्कन की मरम्मत नहीं कराई गई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >