शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बीईओ ने विद्यालय प्रधानों के साथ की बैठक
शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बीईओ ने विद्यालय प्रधानों के साथ की बैठक
एफएलएन कार्यक्रम व अपार आईडी पर जोर, नौ मई को आयोजित होगी शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी
चौथम. प्रखंड संसाधन केंद्र में गुरुवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रधानों की आवश्यक बैठक आयोजित की गयी. बैठक दोपहर दो बजे से शुरू हुई. इसमें शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी. बैठक में एफएलएन कार्यक्रम को लेकर विशेष निर्देश दिये गये. बताया गया कि कक्षा चार, पांच व छह में नामांकित वैसे बच्चे, जिनमें बुनियादी शिक्षा एवं संख्या ज्ञान की कमी पायी जा रही है, उन्हें विशेष कार्यक्रम के तहत मुख्यधारा के बच्चों के साथ जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए. इसके अलावा विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया. सभी विद्यालयों एवं प्रत्येक कक्षा में रूटीन चार्ट प्रदर्शित कर नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने का निर्देश दिया गया. बैठक में आगामी नौ मई को अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी आयोजित करने पर भी जोर दिया गया. ताकि अभिभावकों में बच्चों की शिक्षा के प्रति सजगता एवं जागरूकता बढ़ाई जा सके. साथ ही सरकार के निर्देशानुसार सभी नामांकित बच्चों का अपार से संबंधित कार्य 30 मई से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. मौके पर पंचायती राज पदाधिकारी प्रमथ मयंक सहित सभी विद्यालय प्रधान मौजूद रहे.