चोरी के रुपये मांगने पर महिला व उसकी पुत्री के साथ की मारपीट

चोरी के रुपये मांगने पर महिला व उसकी पुत्री के साथ की मारपीट

घर में घुसकर हमला व छेड़खानी का आरोप, नवम वर्ग की छात्रा को बंधक बनाकर गला दबाने का प्रयास

गोगरी (खगड़िया). गोगरी थाना क्षेत्र के छोटी मालिया गांव में चोरी के रुपये वापस मांगने को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस मामले में एक महिला व उसकी नाबालिग पुत्री के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी है. घटना के संबंध में पीड़िता जुबेदा खातून (पति मंसूर अली) के आवेदन पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

डेढ़ लाख की चोरी किये रूपये वापस मांगने पर किया हमला

पीड़िता जुबेदा खातून ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी साजदा खातून और उसके पति आसिफ अली ने उनके घर के बक्से का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की चोरी कर ली थी. जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने एक राय होकर उन पर हमला कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि वह घर में अकेली थी, तभी साजदा खातून, आसिफ अली, मो. इंसान, रेहाना खातून, निखत, महफूज, रौनक, निजा खातून, फिजा खातून, जियाउद्दीन व उनकी पत्नी ने घर में घुसकर गाली-गलौज की व मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया.

लज्जा भंग व छिनतई का आरोप

प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी महफूज आलम ने मारपीट के दौरान पीड़िता से 25 सौ रुपये जबरन छीन लिए. इसके अलावा, आरोपियों ने लज्जा भंग करने की नीयत से पीड़िता को जमीन पर पटक कर घसीटा.

छात्रा को बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश

घटना की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पीड़िता की पुत्री सोनम खातून (9वीं की छात्रा) पढ़ाई कर घर लौट रही थी. आरोप है कि रास्ते में निजा खातून और फिजा खातून ने उसे पकड़ लिया और जान से मारने की नीयत से एक घर में बंद कर दिया. आरोपियों ने दुपट्टे से उसका मुंह दबाकर शोर दबाने की कोशिश की. चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग वहां पहुंचे, तब जाकर छात्रा की जान बचाई जा सकी.

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद घायल मां-बेटी का इलाज गोगरी के अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया है. पीड़िता के आवेदन के आधार पर 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

– अरबिंद कुमार, थानाध्यक्ष, गोगरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajkishore singh

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >