कोशी कॉलेज में शुक्रवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों, परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य, लैंगिक समानता तथा सतत विकास के प्रति जागरूक करना था. कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
विश्व जनसंख्या दिवस का बताया महत्व
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कुमार बलवंत सिंह ने की. उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है. इसकी शुरुआत संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) द्वारा वर्ष 1989 में की गई थी. इसका उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या, परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, मातृ स्वास्थ्य तथा गरीबी उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक करना है.
बढ़ती जनसंख्या बड़ी चुनौती : प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नागेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या केवल संख्या का विषय नहीं है, बल्कि यह संसाधनों, पर्यावरण और भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती भी है. उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस हमें जनसंख्या वृद्धि के प्रभावों को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनकर संतुलित एवं सतत विकास की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देता है.
छोटे एवं स्वस्थ परिवार का दिया संदेश
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को अपनाएं और अपने परिवार तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं. उन्होंने कहा कि संतुलित जनसंख्या ही स्वस्थ, समृद्ध और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है. प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह समाज में जागरूकता लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए.
छात्र-छात्राओं ने लिया जागरूकता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जनसंख्या से जुड़ी चुनौतियों को समझने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर आकाश कुमार, कुमार शुभम दीप, सोनू कुमार, मोनू कुमार, अंकित कुमार, प्रतीक कुमार, आयुष कुमार, अमन कुमार, सनी कुमार, साक्षी कुमारी, निशा कुमारी, जागृति कुमारी, विनिता कुमारी एवं सिमरन कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
