बेलदौर (खगड़िया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय बेलदौर में स्कूल बंद होने के बाद असामाजिक तत्वों और नशा करने वाले युवकों के जमावड़े को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद आसपास के युवक परिसर में पहुंचते हैं. इससे विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है.
आधा दर्जन पंखे क्षतिग्रस्त, वायरिंग भी तोड़ी
ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय परिसर में लगे करीब आधा दर्जन पंखों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इसके अलावा बिजली की वायरिंग को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया है. इससे विद्यालय की संपत्ति को नुकसान होने के साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम के समय परिसर में पहुंचने वाले कुछ युवक वहां नशे का सेवन करते हैं. ग्रामीणों ने विद्यालय बंद होने के बाद परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.
राहगीरों पर फब्तियां कसने का भी आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के आसपास से गुजरने वाली लड़कियों और अन्य राहगीरों पर कुछ युवक कथित तौर पर फब्तियां कसते हैं. विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है.
ग्रामीणों का आरोप है कि युवकों को रोकने या समझाने का प्रयास करने पर उनके परिजन उल्टे संबंधित लोगों के घर पहुंचकर गाली-गलौज और विवाद करने लगते हैं. इस वजह से लोग खुलकर विरोध करने से भी बचते हैं.
शाम और रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों ने आशंका जतायी है कि यदि समय रहते विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक नहीं लगायी गयी तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है.
ग्रामीणों ने बेलदौर पुलिस प्रशासन और अंचल अधिकारी से विद्यालय बंद होने के बाद शाम और रात के समय नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि नियमित निगरानी और पुलिस की सख्ती से नशा करने वाले युवकों और उपद्रवी तत्वों पर अंकुश लगाया जा सकता है.
