बबीता कुमारी एवं कुमारी अंशु को मिली उपाध्यक्ष की कमान गोगरी. प्रखंड अंतर्गत रजिस्ट्री मोड़ के समीप रविवार को आंगनबाड़ी सेविका संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में सेविकाओं ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, सेविकाओं की समस्याओं पर चर्चा करना और आगामी रणनीति तैयार करना था. बैठक के दौरान सेविकाओं ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर रखा और उनके समाधान को लेकर आपसी विचार-विमर्श किया गया. इस दौरान संगठन को सशक्त और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही सेविकाओं के अधिकार, मानदेय, कार्य परिस्थितियों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई. बैठक में सर्वसम्मति से वीणा कुमारी यादव को प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया. वहीं विभा कुमारी को प्रखंड महासचिव, सबिता कुमारी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. इसके अलावा बबीता कुमारी एवं कुमारी अंशु को उपाध्यक्ष बनाया गया. उषा कुमारी, नूतन देवी और मुन्नी कुमारी को प्रखंड सचिव के पद पर मनोनीत किया गया. पवन कुमार और मो. इमरान को संयोजक चुना गया. साथ ही कई अन्य सेविकाओं को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जिससे संगठन को और व्यापक स्वरूप दिया जा सके. नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष वीणा कुमारी यादव ने सभी सेविकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगी. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार संघर्ष करती रहेंगी. साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. बैठक का समापन संगठन को एकजुट रखते हुए सेविकाओं के हित में काम करने के संकल्प के साथ किया गया.
आंगनबाड़ी सेविकाओं की हुई बैठक, वीणा कुमारी यादव बनीं प्रखंड अध्यक्ष
सेविकाओं को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया
