14 वर्षीय नाबालिग की जबरन शादी कराने का आरोप, सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

परबत्ता में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी को रास्ते से अगवा कर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है. इस गंभीर मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है.

Khagaria Crime News: परबत्ता (खगड़िया). थाना क्षेत्र के डुमरिया खुर्द जागृति टोला गांव निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग बेटी की कथित जबरन शादी कराने के आरोप में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

रास्ते से उठाकर शादी कराने का आरोप

पीड़िता के पिता ने थाना में दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी 14 वर्षीय बेटी अपनी मां के साथ परबत्ता से मडैया बाजार जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में सात लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया और एक युवक से उसकी शादी करा दी.

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार घटना का विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट भी की. पीड़िता की मां किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.

सात लोगों को बनाया गया नामजद

पुलिस ने डुमरिया खुर्द निवासी दिलीप मल्लिक, अमलेश मल्लिक, बबीता मल्लिक, मिथलेश मल्लिक, अखिलेश मल्लिक, शैलेश मल्लिक और निलेश मल्लिक को नामजद आरोपित बनाया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

उम्र का होगा सत्यापन

Khagaria Crime News: परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि लड़की को पकड़कर जबरन शादी कराने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि लड़की की उम्र का सत्यापन कराया जाएगा. जांच पूरी होने और वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >