विद्यालय में है ताला बंद

मानसी के मध्य विद्यालय मटिहानी में तीन महीने के भीतर दो-दो बार स्कूल में घुस कर शिक्षक के साथ मारपीट की घटना के बाद शिक्षकों ने काम करने से इनकार कर दिया है. खगड़िया : मानसी प्रखंड के मध्य विद्यालय मटिहानी में तीन महीने के अंदर दो-दो बार शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना हो […]

मानसी के मध्य विद्यालय मटिहानी में तीन महीने के भीतर दो-दो बार स्कूल में घुस कर शिक्षक के साथ मारपीट की घटना के बाद शिक्षकों ने काम करने से इनकार कर दिया है.
खगड़िया : मानसी प्रखंड के मध्य विद्यालय मटिहानी में तीन महीने के अंदर दो-दो बार शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है. पहली बार 16 फरवरी 2017 को शिक्षक विनोद कुमार के साथ मारपीट की गयी.
जिसकी प्राथमिकी मानसी थाना में दर्ज की गयी. अब आठ मई को केस उठाने की धमकी देते हुए एक अन्य शिक्षक की पिटाई के बाद सभी शिक्षकों ने काम करने से इनकार कर दिया है. शिक्षकों ने मध्य विद्यालय मटिहानी में ताला बंद कर बीआरसी में योगदान दे दिया है. घटना के बाद से स्कूल बंद है. इधर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन बीइओ को सौंप कर आरोपियों पर कार्रवाई होने तक विद्यालय में काम करने से असमर्थता जता दिया है. घटना के बाद चार दिनों से विद्यालय बंद है.
तीन महीने में दो बार विद्यालय में घुस कर पिटाई : मानसी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मटिहानी आजकल अखाड़ा बन गया है. बताया जाता है कि 16 फरवरी 2017 को मध्य विद्यालय मटिहानी के कार्यालय में घुस कर शिक्षक विनोद कुमार के साथ स्थानीय निवासी शैलेन्द्र यादव के द्वारा मारपीट की गयी.
पीड़ित शिक्षक के आवेदन पर मानसी थाना में कांड संख्या 36/17 दर्ज किया गया. इसके बाद नौ फरवरी को विद्यालय में हुई बैठक के दौरान शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की गयी. इस बीच केस उठाने के लिये आरोपित पक्ष द्वारा शिक्षकों को धमकी दी जा रही थी. इसी क्रम में आठ मई 2017 को आरोपित द्वारा विद्यालय पहुंच कर केस उठाने की धमकी दी गयी. शाम को फिर शैलेन्द्र यादव, निर्मल यादव, रजनीश यादव तीनों मानसी के मटिहानी निवासी विद्यालय पहुंच कर शिक्षक नीतीश कुमार की पिटाई कर दी. लाठी से शिक्षक का सिर फोड़‍ दिया गया. इस संबंध में भी मानसी थाना में पीड़ित शिक्षक नीतीश कुमार ने आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेन्द्र प्रसाद, शिक्षक रामाशंकर पासवान, नीतीश कुमार, अखिलेश कुमार, अंजु कुमारी, निर्मला कुमारी,रश्मि कुमारी, प्रज्ञा कुमारी के हस्ताक्षरयुक्त बीइओ को आवेदन सौंप कर दहशत के साये में शिक्षकों ने काम करने से इनकार कर दिया है. मारपीट की घटना से सहमे शिक्षकों ने साफतौर पर कहा है कि आरोपियों में कानून का भय नहीं है. विद्यालय की विधि व्यवस्था भंग हो चुकी है. घटना बाद शिक्षकों में भय व्याप्त है. इस भय के माहौल में सभी शिक्षकों ने काम करने में असमर्थता जताते हुए विद्यालय में ताला बंद कर बीआरसी में योगदान दे दिया है. जिसके बाद नौ मई से विद्यालय बंद है. शिक्षकों ने आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की धमकी दी है. फिलहाल विद्यालय बंद है.
16 फरवरी को विद्यालय में घुस कर शिक्षक विनोद कुमार के साथ मारपीट की गयी. इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 36/17 दर्ज है. आठ मई को आरोपी विद्यालय पहुंच कर केस उठाने की धमकी देने लगे. इसके बाद विद्यालय के शिक्षक नीतीश कुमार की पिटाई कर दी गयी. मारपीट की घटना बाद शिक्षकों में दहशत व्याप्त है. आरोपियों को कानून का डर नहीं है. विद्यालय की विधि व्यवस्था भंग हो गयी है. इस भय के माहौल में सभी शिक्षकों ने काम करने से इनकार करते हुए बीआरसी में योगदान दे दिया है. विद्यालय में ताला बंद है.
नीतीश कुमार, पीड़ित शिक्षक.
मुझे भी मध्य विद्यालय मटिहानी के शिक्षक के साथ मारपीट के बाद विद्यालय में ताला बंद होने की खबर मिली है. मामले को सुलझाने के लिये विद्यालय पहुंच कर तहकीकात की जायेगी. शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना निंदनीय है. इसे किसी भी सूरत में जायज नहीं ठहराया जा सकता है.
रामकुमार सिंह, बीइओ, मानसी.
विद्यालय में घुस कर शिक्षक की पिटाई गंभीर मामला है. मानसी बीइओ को विद्यालय भेज कर जांच का निर्देश दिया गया है. शिक्षकों की सुरक्षा सहित विद्यालय के सुचारु रूप से संचालन के लिये जरूरत पड़ी तो डीएम-एसपी को भी पत्र भेजा जायेगा. शिक्षकों के साथ दुव्यर्वहार को बरदाश्त नहीं किया जा सकता है.
सुरेश प्रसाद साहु, डीइओ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >