खगड़िया : बेलदौर प्रखंड के डाढी गांव की जुलेखा खातून की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व सहरसा जिले के सौर बाजार निवासी मो कुदूस से हुयी थी. लेकिन दहेज के लोभी पति सहित ससुराल वालों ने इस महिला के लिए अपने घर का दरबाजा बंद कर दिया. पहले तो पीड़िता ने वहां के स्थानीय थाने व प्रशासन के समक्ष गुहार लगायी लेकिन वहां न्याय नहीं मिलने के बाद जिला महिला हेल्प लाइन में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. ससुराल वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
अपने कुछ परिजन के साथ न्याय की गुहार लगाने महिला हेल्प लाइन पहुंची. इस पीड़ित महिला ने अपनी व्यथा सुनाई. उन्होंने बताया कि शादी के बाद ही इनके ससुराल वाले दहेज के लिए इन्हें प्रताड़ित करने लगा. मारपीट, गाली गलौज सहित अन्य तरीके से भी इन्हें प्रताड़ित किया जाता रहा है. मायके से दहेज लाने में नाकाम रहने के कारण इन्हें 17 जून 2016 को ही इनके ससुराल वालों ने इन्हें घर से बाहर निकाल दिया. इस पीड़ित महिला की माने तो तब से वे न्याय के लिए भटक रही है.
इन्होंने बताया कि सौर बाजार थाना में भी इनकी शिकायत को दर्ज नहीं किया गया. थक हार कर इन्होंने अपने जिले में ही गोतनी, नन्द सहित आठ ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं घर से बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी है.
