चालक को बंधक बना कर लोगों ने की धुनाई
आक्रोशित लोगों ने पांच घंटे तक किया सड़क जाम
नगर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव की घटना
खगड़िया : नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर पंचायत के नवटोलिया गांव में एक ऑटो ने स्कूल जा रहे दो छात्रों को कुचल दिया. इससे एक छात्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी जबकि दूसरा छात्र अस्पताल में इलाजरत है. घटना गुरुवार सुबह की है. स्कूली छात्र घर से निकल कर पढ़ने के लिए प्राथमिक विद्यालय नवटोलिया जा रहे थे. इसी दौरान अलौली से खगड़िया आनेवाली ऑटो ने दोनों छात्रों को कुचल दिया. देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गयी. जख्मी छात्र को लोगों ने सदर अस्पताल में भरती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
मृतक व घायल दोनों हैं सगे भाई : मथुरापुर पंचायत के नवटोलिया गांव निवासी पवन सहनी के दोनों पुत्र समीर कुमार व सुमित कुमार प्राथमिक विद्यालय पढ़ने जा रहे थे.
खगड़िया अलौली मुख्य मार्ग पर अलौली की ओर से आ रही ऑटो ने दोनों भाई को कुचल दिया. इस कारण द्वितीय वर्ग के छात्र समीर की मौत घटनास्थल पर हो गयी. वहीं गंभीर रूप से जख्मी सुमित को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भरती कराया. छात्र समीर की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने ऑटो चालक को बंधक बना कर उसकी जम कर धुनाई कर दी. चालक को चार घंटे तक एक कमरे में बंद कर दिया. पुलिस व जनप्रतिनिधि की सुझबुझ के कारण चालक की जान बचायी जा सकी. बाद में स्थानीय पुलिस ने चालक को लोगों के चंगुल से मुक्त करा कर नगर थाने लाया. इस दौरान पुलिस व जन प्रतिनिधियों को लोगों के आक्रोश का सामना
करना पड़ा.
ऑटो ने दो…
ऑटो द्वारा स्कूली छात्र को कुचल दिये जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने खगड़िया-अलौली पथ को नवटोलिया गांव के पास लगभग पांच घंटे तक जाम कर दिया. इतना ही नहीं आसपास के गांव के रास्ते को भी बंद कर दिया. इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी. लोगों को पैदल जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ा. शव को सड़क पर रख कर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया. सड़क जाम हटाने के बाद शव का दाह संस्कार किया गया.
परिजनों को मिला मुआवजा
सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों को अंचलाधिकारी नौशाद आलम शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि ज्ञानी पासवान, सरपंच प्रतिनिधि अशोक कुमार, सन्हौली उप मुखिया आनन्द सिंह आदि ने समझा बुझाकर जाम हटवाया. अंचलाधिकारी नौशाद आलम ने मृतक के परिजन को आपदा कोष से चार लाख रुपये मुआवजा का चेक दिया साथ ही कबीर अंत्येष्टि योजना से राशि देने का आश्वासन दिया.
गांव में छाया मातमी सन्नाटा
स्कूली छात्र की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा छा गया. परिजनों के चींख-पूकार से सभी की आंखें नम हो गयीं. लोगों द्वारा परिजनों को सांत्वना दिया जा रहा था. मृतक समीर की मां व फूआ रह रह कर बेहोश हो रही थी. वहीं, घटना स्थल के पास सड़क पर बच्चे की दादी दहाड़ मारकर रो रही थी.
