खगड़िया : बापू मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र पर नकल पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया है. पूरे मामले को डीएम जय सिंह ने गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी के आदेश दिये हैं. साथ ही एसडीओ शिव कुमार शैव को धारा 144 लागू के उल्लंघन पर अलग से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
अब धारा 188 के तहत कार्रवाई की तैयारी है. इधर, शुक्रवार को प्रभात खबर में बापू मध्य विद्यालय में शुक्रवार को शौचालय तक की गहन जांच की गयी. साथ ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सख्ती बढ़ा दी गयी है. इधर, शुक्रवार को बापू मध्य विद्यालय का नजारा अलग ही था. डीएम-एसपी के परीक्षा केंद्र पर पहुंचते ही हड़कंप मच गया. चप्पे-चप्पे से लेकर परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली जाने लगी. यहां तक की शौचालय तक की जांच किये जाने की खबर है. इस विद्यालय की स्थिति यह थी कि घंटों डीएम-एसपी यहां डटे रहे.
बारी बारी सभी वीक्षकों का नाम नोट किये जाने से कार्रवाई की आशंका सताने लगी है. इसके अलावा एसडीओ सहित अन्य अधिकारी ने भी मौके पर पहुंच कर मुआयना किया. बताया जाता है कि बाजार समिति के परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान एक वीक्षक के पास मोबाइल पाये जाने पर डीएम ने डीइओ को संबंधित शिक्षक को ड्यूटी से हटाते हुए विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा एक बेंच पर तीन परीक्षार्थी को बैठे देख डीएम श्री सिंह ने बाजार समिति परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक पर कार्रवाई के लिये डीइओ को कहा गया है. इधर, मैट्रिक परीक्षा में डीएम-एसपी के कड़े रुख से हड़कंप व्याप्त है.
इतनी कड़ाई के बाद भी बापू मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र पर नकल को गंभीरता से लिया गया है. प्रभात खबर में छपी तसवीर के आधार पर अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी के आदेश दिये गये हैं. फोटो में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है. साथ ही धारा 144 के उल्लंघन पर एसडीओ अलग से कार्रवाई करेंगे. इसमें जो भी दोषी होंगे बच नहीं पायेंगे. विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढा दी गयी है. परीक्षा में कदाचार करने व करवाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा.
जय सिंह, डीएम.
