कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 33 परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल में शुरू हुई मैट्रिक की परीक्षा
खगड़िया : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार से जिले के 33 केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा शुरू हुई. डीएम जय सिंह व एसपी अनिल कुमार सिंह नेतृत्व में की गयी व्यवस्था के बीच विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 31897 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 560 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. दोनों पाली में हुई परीक्षा के दौरान एक भी छात्र-छात्रा के निष्कासन नहीं हुआ, जबकि गोगरी में सात व महेशखूंट के परीक्षा केंद्र पर एक अभिभावक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
परीक्षा के दौरान जांच के बाद सिर्फ परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश करने दिया गया. जिलाधिकारी, आरक्षी अधीक्षक लगातार केंद्रों पर पहुंच कर आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है. साथ ही वीडियोग्राफी के माध्यम पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
याद आ गयी 1996 की मैट्रिक परीक्षा : विभिन्न परीक्षा में नकल की खबर पर संज्ञान लेते हुए पटना उच्च न्यायालय ने कड़ा फैसला लिया था. जिसके बाद 1996 में हुई मैट्रिक परीक्षा में नकल पर सख्ती से रोक लगा दिया गया. परिणाम रहा कि कई स्कूलों में नाममात्र रिजल्ट आया. एक बार फिर इस वर्ष टॉपर घोटाला सहित अन्य घटनाओं से सबक लेते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार से जिले के सभी 33 केंद्रों पर प्रारंभ हो गयी है.
अभिभावकों पर चला कार्रवाई का डंडा : पहले दिन प्रशासनिक चौकसी के बीच गोगरी के सभी 22 परीक्षा केंद्रों सहित 33 परीक्षा केंद्रों पर किसी भी छात्र को निष्कासित नहीं किया गया है, जबकि धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गोगरी के विभिन्न केंद्रों से सात व महेशखूंट के एक केंद्र से एक कुल आठ अभिभावक को गिरफ्तार किया गया. डीएम जय सिंह व एसपी अनिल कुमार सिंह, एसडीओ गोगरी संतोष कुमार, शिव कुमार शैव, डीएसपी राजन कुमार सिन्हा, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह, सीओ चन्दन कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह लगातार केंद्रों का भ्रमण करते नजर आ रहे थे.
गहन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को मिला प्रवेश : परीक्षा आरंभ होने के लगभग आधे घंटे पहले से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी. परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस कर्मी, होमगार्ड के जवान व वीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान परीक्षार्थियों के पास से भारी मात्रा में चिट- पुरजे निकाले गये. जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को कमरे के अंदर प्रवेश कराया गया.
