योजना. ट्रेनों के यात्री डिब्बों में लगेगा बायो शौचालय
रेलवे ट्रैक पर सामान्य शौचालय के कारण उत्पन्न होनेवाली गंदगी पर अंकुश लगाने के लिए अब खगड़िया जंकशन से होकर गुजरनेवाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनों में बायो शौचालय लगेंगे.
खगड़िया : अब खगड़िया जंकशन से होकर गुजरने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनों में बायो शौचालय लगेंगे. इसकी कवायद रेल प्रशासन ने शुरू कर दी. इसके लिए बायो शौचालय वाले यात्री डिब्बे का प्रबंध किया जा रहा है. रेलवे द्वारा स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. रेलवे ट्रैक पर सामान्य शौचालय के कारण उत्पन्न होने वाली गंदगी पर अंकुश लगाने के लिए ट्रेनों के यात्री डिब्बों में बायो शौचालय लगाया जा रहा है. चरणबद्ध तरीके से सभी ट्रेनों के यात्री डिब्बों में बायो शौचालय का प्रबंध किया जायेगा. प्रथम चरण में सभी रूट की एक दर्जन ट्रेनों में यह व्यवस्था की जानी है.
स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा : बायो शौचालय ट्रेनों में लगाये जाने से स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा. पुराने शौचालय के कारण रेलवे ट्रैक पर गंदगी फैल रही है. स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी रहने के दौरान शौचालय का यात्रियों द्वारा प्रयोग किये जाने से वहां भी ट्रैक पर गंदगी फैल रही है, जिसे मेंटेन करने में रेलवे को काफी खर्च करना पड़ रहा है. रेलवे ट्रैक पर गंदगी के कारण बीमारियां भी बढ़ रही हैं. रेलवे लाइन के किनारे की बस्तियों के नागरिकों के लिए यह गंभीर समस्या बनी हुई है.
बायो शौचालय से होगी कमाई : ट्रेनों में लगाये जा रहे बायो शौचालय रेलवे के लिए न केवल कमाई का जरिया बनेगा, बल्कि शौचालय के मल-मूत्र से जैविक खाद तैयार की जायेगी. इसके लिए प्लांट लगाया जायेगा. वाशिंग पिट जिन स्टेशनों पर है, वहां मल-मूत्र डंपिंग प्लांट भी बनेगा और जहां जैविक खाद बनाने का भी प्रबंध होगा. तैयार जैविक खाद किसानों को बेची जायेगी. रासायनिक उर्वरक के प्रयोग से बंजर हो रही भूमि को जैविक खाद से नयी ताकत मिलेगी. हालांकि इसके पूर्ण रूप से धरातल पर उतरने में अभी कुछ और वक्त लगने की संभावना है. लेकिन चरणबद्ध तरीके से इसको पूर्ण करने की दिशा में रेल प्रशासन ने प्रयास शुरू कर दिया है.
गंदगी पर नियंत्रण के लिए यात्रियों को किया जा रहा है जागरूक
नुक्कड़ नाटक, बैनर-पोस्टर के जरिये दिया जा रहा है स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता प्रहरी अब सफाई के साथ यात्रियों को कर रहे हैं जागरूक, प्रथम चरण में एक दर्जन ट्रेनों के डिब्बे बदलेंगे
चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान
स्वच्छता अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान. ट्रेनों के यात्री डिब्बों में बायो शौचालय चरणबद्ध तरीके से लगाये जायेंगे. साथ ही यात्रियों को जागरूक किया जायेगा. ट्रेनों तथा स्टेशन पर गंदगी फैलानेवाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल और टीटीइ, टीसी द्वारा धड़-पकड़ अभियान चलाया जायेगा तथा पकड़े गये लोगों से जुर्माना वसूला जायेगा.
