जिले में सेक डाटा का सत्यापन कार्य धीमा है. डीएम ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अयोग्य लाभुकों ने खाद्यान्न का उठाव किया, तो बीएसओ के वेतन से खाद्यान्न की राशि की वसूली की जायेगी.
खगड़िया : सेक डाटा का सत्यापन कार्य धीमा है. काफी पहले ही जिला स्तर से सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को सेक डाटा का डोर टू डोर सत्यापन करने तथा अयोग्य लाभुकों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया था. ताकि पात्रता नहीं रखने वाले लाभुकों के राशन कार्ड को रद्द किया जा सके. जानकारी क अनसुार डीएम के आदेश के बावजूद प्रखंडों में सत्यापन का कार्य धीमा है.
जिस पर डीएम जय सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ कर दिया कि अगर अयोग्य लाभुकों ने खाद्यान्न का उठाव किया तो बीएसओ के वेतन से खाद्यान्न की राशि की वसूली की जायेगी. डीएम ने यह फरमान इसलिए जारी किया है क्योंकि सत्यापन की जिम्मेवारी सभी प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारी को ही सौंपी गयी थी. इस कारण अभी भी सैकड़ों ऐसे लाभुक हैं , जो खाद्यान्न प्राप्त करने के योग्य नहीं है. फिर भी वे सस्ते दर पर पीडीएस दुकानों से खाद्यान्न का उठाव कर सरकार को चूना लगा रहे हैं.
25 हजार अपात्र चिह्नित : राशन कार्ड के सत्यापन के दौरान अब तक जिले में 20 हजार 445 ऐसे अप्राप्त परिवार चिह्नित किये गये हैं जो योग्यता नहीं रखने के बावजूद लगभग एक वर्ष या इससे अधिक समय से पीडीएस दुकानों पर सस्ते दरों पर गेहूं व चावल का उठाव कर रहे हैं. विभागीय जानकारी के अनुसार 20 हजार 445 परिवारों के 90 हजार 146 सदस्यों के नाम पर खाद्यान्न का उठाव हो रहा है, जो अपात्र हैं यानी योग्य नहीं हैं. 19 हजार 387 पूर्वीकता प्राप्त परिवार तथा 1058 अंत्योदय परिवार को चिह्नित किया गया है, जो अपात्र हैं. बेलदौर प्रखंड में ऐसे अपात्र राशन कार्डधारी परिवार की संख्या 2824, खगड़िया प्रखंड में 2261, परबत्ता में 1925 तथा नगर परिषद खगड़िया व गोगरी में क्रमश: 443 व 1559 हैं.
1190 कार्ड रद्द: नोटिस जारी होने तथा सुनवाई के उपरांत चिह्नित 1190 अपात्र परिवारों के राशन कार्ड को एसडीओ ने रद्द कर दिया है. अब ये पीडीएस दुकानों से खाद्यान्न का उठाव नहीं कर पायेंगे. जो भी कार्ड अब तक रद्द हुए हैं वे पूर्वीकता प्राप्त परिवारों के हैं. अंत्योदय परिवार के कार्ड फिलहाल अभी रद्द नहीं किये गये हैं.
कहते हैं अधिकारी: प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी सियाराम सिंह ने बताया कि अपात्र परिवारों को खाद्यान्न न मिले इसके लिए सभी बीएसओ को सत्यापन करने तथा इस कार्य में तेजी से विखंडन करने का निर्देश दिया गया है. कुछ जगहों पर सत्यापन कार्य धीमा है, जिस पर डीएम के द्वारा सख्त निर्देश दिये गये हैं. साथ ही दोनों एसडीओ को भी चिह्नित करने को कहा है. अब तक लगभग 20 हजार कार्डधारकों को नोटिस निर्गत किया जा चुका है.
19 हजार को नोटिस
सत्यापन के बाद चिह्नि अपात्र परिवारों को नोटिस जारी किया गया है. डीएम के निर्देश पर दोनों एसडीओ ने अपने अपने अनुमंडल में अपात्र लाभुकों को नोटिस जारी किया है. ताकि अपात्र परिवारों के राशन कार्ड को रद्द किया जा सके. पूर्वीकता प्राप्त 18 हजार 232 तथा अंत्योदय कार्डधारी 1058 परिवारों को नोटिस दोनों एसडीओ ने जारी किया है. गोगरी में चिह्नित सभी अपात्र 7516 परिवारों के साथ साथ अन्य प्रखंडों में भी नोटिस जारी किया गया है.
