खगड़िया : स्थानीय बलुवाही स्थित बाइपास पर लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. उक्त बाइपास को शहर में बड़ी वाहनों के प्रवेश से जाम से निजात दिलाने को लेकर वर्ष 2010 में लाखों रुपये की लागत से निर्माण किया गया था.
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद दो वर्षों तक नियमित रूप से निर्माण कंपनी को मरम्मत कार्य भी करानी थी, लेकिन उक्त सड़क निर्माण के एक वर्ष के अंदर ही कालीकरण अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया. बलुवाही से दाननगर तक सड़क में गड्ढे बन गये, लेकिन उक्त बाइपास की मरम्मत कार्य आज तक नहीं हो पाया है.
इसके कारण उक्त बाइपास पर कभी भी बड़ी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है और न ही आजतक संवेदक पर कोई कार्रवाई की जा सकी है. इधर, युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जिला प्रशासन बाइपास की मरम्मत को लेकर अनदेखी कर रही है, जबकि प्रतिदिन इस बाइपास के माध्यम से भारी वाहनों की आवाजाही होती है. उन्होंने बताया कि उक्त बाइपास पर अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध रूप से फूस का घर बना लिया गया है.
