खुलासा रिश्वत के लेन-देन का मास्टरमाइंड था अधिकारी
सीबीआइ के हत्थे चढ़े ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआइ) विनोद कुमार रेलवे में चल रहे रिश्वतखोरी का मास्टरमाइंड था. बताया जाता है कि रेलवे में ट्रांसफर से लेकर प्रोमोशन जैसे कामों में टीआई के माध्यम से रिश्वतखोरी का खेल चल रहा था. जिसका हिस्सा टीआइ के माध्यम से ही उच्चाधिकारियों के पास पहुंचता था. इधर, सीबीआई की छापेमारी के बाद रिश्वतखोर रेलवे अधिकारियों में हड़कंप व्याप्त है.
खगड़िया : रेलवे में ट्रांसफर करवाना हो या फिर विभागीय प्रोमोशन … ऐसे सारे कामों को करवाने की ठेकेदारी टीआई विनोद कुमार लेता था. बस रिश्वत की रकम मिलनी चाहिये. बताया जाता है कि सीबीआई के हत्थे चढ़ने के पहले विभागीय प्रोमोशन करवाने के नाम पर टीआई ने लाखों रुपये की उगाही किया था. चर्चा की मानें तो रेलवे में किसी भी प्रकार का काम में रिश्वतखोरी का मास्टरमाइंड के नाम से मशहूर टीआई द्वारा यह खेल महीनों से किया जा रहा था. लेकिन इस बार एक रेलकर्मी ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी और बुधवार को खगड़िया स्थित रेलवे क्वार्टर में छापेमारी के बाद सीबीआई की टीम ने टीआई को गिरफ्तार कर लिया
. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सीबीआई के पूछताछ में टीआई ने रिश्वत के हिस्सेदार रेलवे के उच्चाधिकारियों के नाम सहित कई अहम राज उगले हैं. जिसके आधार पर आने वाले समय में कई और रेल अधिकारियों की गिरफ्तारी हो सकती है.
रिश्वत के नोट के नंबर भी थे सीबीआई के पास : बताया जाता है कि बुधवार को टीआई के घर छापेमारी करने आयी सीबीआई की टीम के पास रेलकर्मी द्वारा दिये गये रिश्वत के नोट का नंबर भी मौजूद थे. लेकिन सीबीआई के पहुंचने से पहले ही टीआई ने उसे ठिकाने लगा दिया था. सीबीआई की टीम द्वारा करीब चार घंटे तक टीआई के सरकारी क्वार्टर की तलाशी ली गयी.
इस दौरान सीबीआई ने घर के कोने-कोने का खाक छान लिया लेकिन रिश्वत की रकम बरामद नहीं हो पायी. बताया जाता है कि सीबीआई ने टीआई विनोद कुमार के घर की नालियों से लेकर रसोईघर में रखे अनाज तक को खंगाला. बाद में बरामद सामान का सीजर लिस्ट बना कर गिरफ्तार टीआई विनोद कुमार को सीबीआई की टीम अपने साथ लेकर पटना रवाना हो गयी.
रिश्वत की मांग के ऑडियो क्लिप भी सीबीआई के पास : सूत्रों की मानें तो छापेमारी करने आयी सीबीआई की टीम के पास टीआई की वह ऑडियो क्लिप भी मौजूद थी जिसमें रिश्वत के लेन-देन की बात हुई थी. ऑडियो क्लिप में विभागीय प्रोमोशन के रेट से लेकर हिस्सेदार रेल अधिकारियों को दिये जाने वाले हिस्से का भी जिक्र है.
बताया जाता है कि शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वतखोरी के सारे सबूत सौंपे जाने के बाद ही सीबीआई की टीम ने बुधवार को खगड़िया स्थित रेलवे के टीआई के सरकारी क्वार्टर पर सीबीआई व एंटी करप्शन सेल की संयुक्त टीम ने धावा बोला. फिलहाल रेलवे में सीबीआई की छापेमारी के बाद रिश्वतखोर अधिकारियों के होश उड़े हुए हैं.
टीआइ के माध्यम से ही रेल अधिकारियों तक पहुंचता था रिश्वत का हिस्सा, सीबीआइ की छापेमारी से हड़कंप
शिकायतकर्ता द्वारा दिये गये रिश्वत के नोट के नंबर सीबीआइ के पास पहले से थे मौजूद
सीबीआइ व एंटी करप्शन सेल की संयुक्त छापेमारी के दौरान टीआइ के घर के कोने-कोने की ली गयी गहन तलाशी
रेलवे टीआइ के सरकारी क्वार्टर की नालियों से लेकर रसोईघर में रखे अनाज तक को सीबीआइ की टीम ने टटोला
हत्थे चढ़े रेलवे के ट्रैफिक इंस्पेक्टर से पूछताछ में खुलेंगे रेलवे में रिश्वत के खेल से जुड़े अहम राज
सीबीआई की छापेमारी के बाद टीआई के आवास का हाल.
