अधिकारी की निगरानी में आरंभ हुआ कूपन वितरण
खगड़िया : अक्तूबर माह से जिले के सभी पीडीएस उपभोक्ताओं को कूपन के आधार पर राशन व केरोसिन जन वितरण की दुकानों पर दिया जायेगा. वर्ष 2016-17 का राशन व केरोसिन कूपन जिले को प्राप्त हो चुका है. जानकारी के अनुसार जिला स्तर से सभी प्रखंडों को तथा यहां से सभी पंचायतों को कूपन भेज दिया गया है. जहां लाभुकों के बीच कूपन वितरण का कार्य आरंभ हो गया है. डीएसओ डीएन झा ने बताया कि इस वर्ष नौ माह का ही कूपन लाभुकों को दिया जा रहा है. क्यों कि जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का राशन व केरोसिन सूची के आधार पर वितरित हुआ है. इसलिए अक्तूबर माह से जून 2017 तक नौ माह का ही कूपन दिया जा रहा है.
नहीं होगी गड़बड़ी : कूपन वितरण में कोई भी गड़बड़ी नहीं हो तथा वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ हो इसके लिए राज्य व जिला स्तर से कई आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. कूपन वितरण में लगाये गये कर्मी स्वयं कूपन वितरण करेंगे. प्रचार-प्रसार के लिए वे स्थानीय जन प्रतिनिधियों का मात्र सहयोग लेंगे.
डीएसओ ने बताया कि स्थानीय मुखिया व वार्ड पार्षद सहित डीलरों को कूपन नहीं सौंपे जायेंगे कूपन वितरण में गड़बड़ियों को रोकने के लिए दोनों एसडीओ को विभागीय निर्देश का शत प्रतिशत अनुपालन कराने को कहा गया है. पंचायत स्तर पर आयोजित शिविर में लाभुकों को पहचान पत्र अथवा जन प्रतिनिधियों के पहचान के आधार पर कूपन दिये जायेंगे. वितरण के उपरांत जो भी कूपन बच जायेंगे उन्हें अनुमंडल कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया है.
डीएसओ ने बताया कि कूपन वितरण कार्य में पंचायत कर्मी को लगाया गया है. जबकि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी को मॉनीटरिंग तथा प्रखंडों के वरीय प्रभारी को कूपन वितरण के निरीक्षण के लिए उड़नदस्ता पदाधिकारी बनाया गया है.
नहीं हो सकेगी नकल
इस बार कोई भी व्यक्ति कूपन का नकल कर दूसरा फर्जी कूपन नहीं बना सकेंगे. क्योंकि विभाग ने नकल को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की है. डीएसओ ने बताया कि वर्ष 2016-17 का कूपन बार कोटेड है तथा इस बार पंचायत वार इकाई मानकर ऐसे कूपन की छपाई की गयी है. ताकि इसका नकल न हो सके. इसके अलावा पंचायत, प्रखंड व जिला के लिए भी कूपन पर कोडिंग की व्यवस्था की गयी है. ताकि किसी प्रखंड या पंचायत के लिए मुद्रित कूपन का उपयोग दूसरे प्रखंड या पंचायत में नहीं किया जा सके.
