ड्राइवर और खलासी को मारपीट करते हुए गाड़ी से उतार कर वाहन लेकर फरार हो गये थे अपराधी
खगड़िया : बेगूसराय जिला के नावकोठी थाना क्षेत्र से एक पखवारा पूर्व लूटे गये आलू लदे बोलेरो पिकअप भान को खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र के सोनवर्षा धार से लावारिश अवस्था में बरामद कर लिया गया है. नावकोठी थाना के थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह एवं चौथम थानाध्यक्ष सुनील कुमार के संयुक्त छापेमारी के दौरान यह कामयाबी मिली है. नावकोठी के थानाध्यक्ष ने बताया कि बीते एक सितंबर को थाना क्षेत्र से अपराधियों ने 60 बोरा आलू लदे पिकअप भान को हथियार के बल लूट लिया था.
अपराधियों ने गाड़ी के ड्राइवर खलासी को मारपीट करते हुए गाड़ी से उतार कर वाहन लेकर फरार हो गया. बेगूसराय जिला के बखरी के गाड़ी मालिक ने नावकोठी थाना में गाड़ी लूट कांड की प्राथमिकी दर्ज कराया था. इस घटना से जुड़े तीन अभियुक्तों को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. प्राप्त सूचना के आधार पर लूटे गये वाहन को थाना क्षेत्र के सोनवर्षा घाट से बरामद किया गया है. इस कांड के तार गोगरी से भी जुड़े रहे हैं. जहां से पुलिस ने मो. कोनाई आलम को धर दबोचा है.
