खगड़िया : चौथम प्रखंड क्षेत्र के कैथी पैक्स से जुड़े किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं देने के विरोध में तीन दर्जन किसानों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन जिलाधिकारी को सौंप कर कार्रवाई की मांग की है. किसान सहजानंद सिंह ने अपने सहकारिता बैंक चौथम को कृषि ऋण तथा फसल बीमा को लेकर कई बार आवेदन देते हुए अनुरोध किया लेकिन, शाखा प्रबंधक द्वारा बार बार टालमटोल कर वर्ष 2016 का फसल बीमा की राशि का भुगतान नहीं किया गया है.
उन्होंने कहा कि जिले में कभी सुखाड़ तो कभी बाढ़ के पानी से किसान परेशान हैं. लेकिन शाखा प्रबंधक की मनमानी के कारण ऋण व बीमा की राशि से वंचित रहना पड़ रहा है. किसान रामाकंत सिंह , भरत कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह कन्हैया सिंह,दीपक कुमार, महेश शर्मा, राकेश कुमार, शंकर कुमार, दिनेश शर्मा, संजय कुमार, सुधीर कुमार, सूर्य नारायण सिंह आदि ने बताया कि अगर जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जायेगा.
