डीएम सख्त. तीन दिनों के अंदर डीडीसी सौंपेंगे जांच रिपोर्ट
शिक्षक स्थानांतरण में धांधली की जांच में देरी से खफा डीएम जय सिंह ने डीडीसी को पूरे प्रकरण की जांच कर सोमवार तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
खगड़िया : शिक्षक स्थानांतरण में धांधली पर मचे बवाल के बीच डीडीसी की जांच अब तक पूरी नहीं हो पायी है. इससे खफा डीएम ने डीडीसी को सोमवार तक जांच रिपोर्ट तलब किया है. ताकि शिक्षक स्थानांतरण के बाद उहाफोह की स्थिति पर विराम लगाया जा सके. बताया जाता है कि जांच में हो रहे देरी से खफा डीएम जय सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए डीडीसी को फोन कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है. संभवत: सोमवार को जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद डीएम इस पर कोई फैसला ले सकते हैं. सूत्रों की मानें तो शिक्षक स्थानांतरण में धांधली को देखते हुए इसे रद्द करने की प्रबल आशंका है. हालांकि डीडीसी के जांच रिपोर्ट का इंतजार है.
बिना रिक्ति के ही कर दिया ट्रांसफर : बताया जाता है कि शिक्षक स्थानांतरण में पैसों की खनक के आगे सरकारी नियम कायदे ताक पर रख दिये गये. शिक्षक-छात्र अनुपात की अनदेखी करते हुए कई वैसे विद्यालयों में शिक्षकों का तबादला कर दिया गया है जहां रिक्ति है ही नहीं. जिसके कारण कई विद्यालयों के प्रधान ने शिक्षकों का योगदान लेने से इंकार कर दिया है. बीते दिनों में डीएम के सामने एक शिक्षक ने ऐसी ही फरियाद लगाते हुए निदान की गुहार लगायी थी.
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय विद्यार्थी टोला में नामांकित 78 छात्रों के एवज में छह शिक्षक के रहते व बिना रिक्ति के ही दो और शिक्षकों का तबादला कर दिया गया. जिसके कारण प्रधान शिक्षक व डीइओ के बीच पत्राचार का दौर जारी है. इधर, पैसों के बल पर मनपसंद विद्यालयों में तबादला करवाने में कामयाब शिक्षकों के मंसूबे पर पानी फिर सकता है. प्रभात खबर में अब तक शिक्षक स्थानांतरण में धांधली से जुडे कई खुलासों से लैस खबर लगातार प्रकाशित होने के बाद पूरे प्रकरण में मलाई खाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के होश उड़े हुए हैं.
शिक्षक स्थानांतरण की जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने का निर्देश डीडीसी को दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर स्थानांतरण में धांधली की बात सामने आती है तो सख्त कार्रवाई तय है. पूरे मामले में गड़बड़ी करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारी हो या कर्मचारी किसी को बख्शा नहीं जायेगा.
जय सिंह, डीएम.
शिक्षक स्थानांतरण में धांधली की बात बेबुनियाद है. नियम कायदे के अनुसार शिक्षकों का तबादला किया गया है.
डॉ ब्रज किशोर सिंह, डीइओ
अभी जांच पूरी नहीं हो पाने के कारण इस बारे में कुछ भी बताना जल्दबाजी होगी. जल्द ही शिक्षक स्थानांतरण की जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जायेगी.
अब्दुल बहाव अंसारी, डीडीसी
बगावत से खुला राज
स्थानांतरण के लिये बनायी गयी थ्री मैन कमेटी में शामिल पीओ विमलेश चौधरी ने अगर बगावत नहीं की होती तो शायद धांधली की पोटली खुलती भी नहीं. वह तो शुक्र था कि पीओ श्री चौधरी ने शिक्षक स्थानांतरण में धांधली का आरोप लगाते हुए डीइओ व डीपीओ स्थापना की कारगुजारी की पोल खोलते हुए फाइल पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया. मामला मीडिया में तूल पकड़ने के बाद डीएम ने पूरी फाइल तलब करते हुए डीडीसी को जांच का आदेश दिया है.
