खगड़िया: मंडल कारा में डीएम राजीव रोशन तथा एसपी धूरत सयाली सबला राम के नेतृत्व में शनिवार को छापेमारी अभियान चला गया. छापेमारी अभियान में चार चाजर्र, तीन मोबाइल तथा दो सिम कार्ड बरामद किया गया. सुबह डीएम व एसपी का काफिला जैसे ही मंडल कारा के पास पहुंचा जेल के अंदर और बाहर खलबली मच गयी.
हालांकि बगैर समय गंवाये हुए डीएम व एसपी सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों के साथ जेल के अंदर प्रवेश कर गये तथा छापेमारी करना शुरू कर दिया. इस दौरान अंदर से तीन मोबाइल, चार चाजर्र और दो सिम कार्ड बरामद किया.
जेल के अंदर के कैमरे हैं बंद : नक्सली के सरगना रह चुके सुभाष यादव उर्फ लंबु के वार्ड से ही मोबाइल बरामद हुआ है. डीएम ने बताया कि इस मामले में सर्वप्रथम तो चित्रगुप्त नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है. इसके बाद कारा महानिरीक्षक को भी यहां के स्थिति से अवगत कराया जायेगा. डीएम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे भी जेल के अंदर बंद पड़े हुए हैं. इससे यह शिनाख्त नहीं हो पा रहा है कि आखिर जेल के अंदर मोबाइल पहुंचाने का काम कौन कर रहा है.
