पटना/खगड़िया: इंजीनियरिंग की तैयारी में जुटे स्टूडेंट ने मंगलवार की सुबह निजी छात्रावास में फंदे से झूल कर जान दे दी. छात्रावास में रहनेवालों ने इसकी सूचना बहादुरपुर पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टमके लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया. हालांकि, आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है. पुलिस मामले में छानबीन की बात कह रही है.
खगड़िया का निवासी था
खगड़िया के झझट चंदरा गांव निवासी कृषक साहिब शर्मा का 20 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार बहादुरपुर थाना क्षेत्र की बाजार समिति बकरी मंडी के समीप स्थित मां तारा निवास लॉज में रह कर इंजीनियरिंग परीक्षा की तैयारी कर रहा था. जिस कमरे में वह रहता था, उस कमरे में उसका दोस्त भी रहता था, जैसे ही दोस्त मंगलवार की सुबह ट्यूशन पढ़ने गया, उसी समय में शुभम ने कमरा बंद कर गले में फंदा डाल कर पंखे से झूल गया. इसी बीच जब खिड़की से लोगों ने देखा, तो पाया कि वह पंखे से झूल रहा है. इसके बाद पुलिस व परिजनों को सूचना दी गयी.
तनाव में रह रहा था
पुलिस की मानें , तो छात्रवास में रहनेवाले विद्यार्थियों ने बताया कि शुभम कुछ दिनों से तनाव में रह रहा था. हालांकि , तनाव की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा. मामले में जांच -पड़ताल की जा रही है. परिजनों ने बताया कि शुभम के दो भाई और एक बहन हैं, जो गांव में ही रहते हैं.
