मानसी : प्रखंड के अंतर्गत चुकती गांव के वार्ड संख्या 15/16 में बीते मंगलवार की आधी रात बाद अचानक आग लग जाने से 24 कच्चे घर जलकर राख हो गये. जबकि इस घटना में करीब दो दर्जन मवेशी सहित बकरी की मौत हो गयी.
दर्जनों मवेशी झुलस गये. घर में सोये एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला आग की चपेट में आकर झुलस गई. घटना की सूचना मिलते ही सदर विधायक पूनम देवी यादव ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लेने के बाद हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
बताया जाता है कि मानसी मवेशी अस्पताल में महीनों से चिकित्सक गायब रहने के कारण झुलसे हुए मवेशी का इलाज समय पर नहीं हो पा रहा है. मानसी प्रखंड प्रमुख बलवीर चांद, पश्चिमी ठाठा पंचायत के सरपंच मनोज कुमार,उपमुखिया राकेश कुमार उफॅ सिट्टू यादव घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग जिला प्रशासन से की.
आग से लाखों रुपये की सम्पत्ति बर्बाद होने का अनुमान लगाया जा रहा है.आग की चपेट मे मवेशी पालक किसान कामेश्वर यादव, सुभाष यादव,महानंद यादव, संतोष यादव, धनराज यादव, कर्पूरी यादव, कारेलाल यादव, भुंजुगी यादव, मंगल यादव, बुल्लक यादव, रविश यादव, विभीषण यादव, घेहयर यादव,बांके यादव सुशील यादव, गोरख यादव निशा देवी रूको देवी आदि का झोपड़ी में रखे खाद बीज एवं मवेशी को खिलाने का भूसा एवं कुटटी काटने वाला मशीन भी जल गया. जबकि आग की चपेट में आये कामेश्वर यादव के 60 वर्षीय पत्नी कैली देवी भी झुलस गई. सुबह में एसडीओ की पहल पर एंबुलेंस मंगा कर झुलसी महिला को इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया.
मौके पर अंचल से राजस्व कर्मचारी किशोर कुमार घटना स्थल पर पहुंच कर पीड़ित परिवारों की सूची बना रहे थे. राजस्व कर्मचारी किशोर कुमार ने बताया कि दर्जन भर बकरी सहित 31 मवेशी की मौत हुई है. जबकि 33 बकरी सहित भैंस का बच्चा घायल हो गया. वही देर से पहुंचे मवेशी चिकित्सक ने घटनास्थल पर घायल मवेशी व बकरी का इलाज किया.
