बनमनखी : सोमवार को संयुक्त अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिस मतदाता जागरूकता वैन की चपेट में आने से चाय दुकानदार मुन्ना राय के सात वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गयी थी ,उक्त वैन व चालक के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है.
दरअसल घटना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने अंचल पदाधिकारी बनमनखी को मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया था कि आखिर किस परिस्थिति में चुनाव प्रचार समापन के बाद भी यह वैन अनुमंडल परिसर में आया और बच्चे को कुचल दिया. मामले की जांच कर रहे अंचल पदाधिकारी अर्जुन कुमार विश्वास ने बताया कि जिस वैन चालक मनीष को घटना के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया, वह उक्त मतदाता जागरूकता वैन का असली चालक नहीं है.
उन्होंने बताया की जांच के दौरान यह बात सामने आयी है कि उक्त जागरूकता वैन का असली चालक सुपौल जिला का कोई दीपक नाम का व्यक्ति है जिसका मोबाइल घटना के बाद से लगातार स्विच ऑफ आ रहा है. अंचलाधिकारी श्री विश्वास ने बताया की वाहन मालिक का भी अब तक कोई ट्रेस नहीं लगा है. वाहन मालिक का नाम-पता ऊपर करने हेतु वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर पूर्णिया डीटीओ कार्यालय को भेज कर पता लगाया जा रहा है.
पकड़े गये चालक के पास नहीं है ड्राइविंग लाइसेंस
अंचलाधिकारी ने बताया कि पकड़े गये चालक के पास ओरिजनल डीएल भी नहीं है. इसकी भी जांच की जा रही है कि किस परिस्थिति में बिना पक्की लाइसेंस का यह युवक मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान वैन चला रहा था. इधर बनमनखी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर वाहन चालक को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया है.
जबकि घटना के बाद जहां पीड़ित परिजन के बिच हाहाकार मचा हुआ है वहीं मतदान के बाद अनुमंडल परिसर में जागरूकता वैन का आना और एक मासूम बच्चे को कुचल देना, वैन चालक का नाबालिग होना आदि लोगों को गले नहीं उतर रहा है. अब सभी की निगाह अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश व अंचल पदाधिकारी द्वारा की जा रही जांच पर टिकी हुई है.
प्रचार खत्म होने के बाद भी बनमनखी क्षेत्र में घूम रहा था जागरूकता वैन
अंचलाधिकारी ने बताया कि मतदाता जागरूकता वैन स्वीप के द्वारा जिला मुख्यालय से बनमनखी भेजा गया था जिसे प्रचार समापन के साथ ही वापस पूर्णिया चले जाना चाहिए था. लेकिन वह वैन प्रचार समापन के बाद भी बनमनखी विधानसभा में लगातार देखा गया जिसकी जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया की सोमवार को जागरूकता वैन बड़हरा कोठी से सीधा बनमनखी अनुमंडल कार्यालय परिसर में आया था. थोड़ी देर रुकने के बाद वह वापस जा रहा था. इसी दौरान अनुमंडल परिसर में खेल रहे एक बच्चे को कुचल दिया. उपचार के दौरान उक्त बच्चे की मौत हो गयी.
सूचना पर आई बनमनखी पुलिस ने वैन को अपने कब्जे में लेकर चालक को भी हिरासत में ले लिया गया. उन्होंने बताया की जिस चालक को पुलिस ने पकड़ा है उससे इस वैन का असली चालक दीपक दैनिक मजदूरी पर हायर कर प्रचार वैन चलवाता था.
