समेली पोठिया थाना क्षेत्र के डूमर-पोठिया मुख्य मार्ग पर चौधरी बाड़ी के समीप गुरुवार शाम करीब तीन बजे ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. करीब 45 मिनट तक ट्रैक्टर और पेड़ के बीच फंसा रहा और दर्द से कराहता रहा. बरारी सुजापुर निवासी अजीत मंडल अपने मौसेरे भाई मरौचा बस्तौल निवासी संजीव कुमार के साथ बाइक से पोठिया की ओर शादी का कार्ड बांटने जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से मकई के डंठल लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी. चौधरी बाड़ी के पास दोनों की जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से नीचे जाकर पेड़ से टकरा गई और ट्रैक्टर का अगला चक्का बाइक सहित पेड़ में फंस गया. बाइक चालक संजीव कुमार का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वह ट्रैक्टर व पेड़ के बीच फंस गया. सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी. पोठिया पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गयी. समाजसेवी राहुल भारती, कुमोद कुमार मंडल एवं पोठिया थाना के वाहन चालक पिंटू पासवान के साथ मिलकर काफी मशक्कत के बाद घायल को बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है.
ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल
ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल
