कटिहार जिले के पोठिया थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70.53 लीटर विदेशी शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में थाना पुलिस को पोठिया गांव में शराब की तस्करी की सूचना मिली.
छापेमारी में मिली सफलता
सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पोठिया गांव में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रूपा देवी को गिरफ्तार किया. तलाशी में उसके कब्जे से कुल 70.53 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई.
मामला दर्ज, जांच जारी
थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है. गिरफ्तार महिला के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
