कटिहार जरा सी डांट या कठोर शब्द भी कभी-कभी बच्चों के लिए असहनीय बोझ बन जाता है. ऐसा ही एक वाकया सहायक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सामने आया. जब मां की मामूली डांट-फटकार से आहत होकर 17 वर्षीय एक किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवाओं की तत्परता और साहसिक प्रयास ने उसकी जिंदगी को बचा लिया गया. सहायक थाना क्षेत्र के रामसभा गांव निवासी रानी कुमारी 17 वर्ष शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर अपनी मां दीपाली देवी की डांट-फटकार से नाराज हो गयी थी. इससे व्यथित होकर वह घर से निकल गयी और सीधे कोसी नदी घाट पर पहुंच गयी. वहां पहुंचते ही किशोरी ने अचानक नदी में छलांग लगा दी. घाट पर मौजूद कुछ युवकों ने अपनी आंखों से यह दृश्य देखा. किशोरी के कूदते ही उन्होंने बिना किसी देर किये नाव की मदद से नदी में उतरकर उसे बाहर निकाल लिया. युवकों ने केवल नदी से बाहर निकालने तक ही अपनी जिम्मेदारी नहीं निभायी. बल्कि तत्काल बाइक की मदद से घायल अवस्था में किशोरी को सदर अस्पताल भी भर्ती कराया. अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी में मौजूद डॉ विपिन कुमार ने त्वरित इलाज शुरू किया और उनकी देखरेख में किशोरी की जान बच गयी. फिलहाल डॉक्टरों ने बताया कि रानी कुमारी खतरे से बाहर है. उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है. इधर घटना की सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस में सदर अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
