बैरिया ढलान के पास बाइक व स्कूटी की सीधी भिड़ंत में दो युवकों की मौत

बैरिया ढलान के पास बाइक व स्कूटी की सीधी भिड़ंत में दो युवकों की मौत

हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी, प्राथमिक उपचार के बाद कटिहार सदर अस्पताल रेफर, पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त

अमदाबाद. थाना क्षेत्र के बेलगच्छी व पहाड़पुर के बीच बैरिया ढलान के पास मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे.

अस्पताल ले जाने के दौरान दूसरे युवक ने तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गयी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों लहूलुहान युवकों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमदाबाद पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेलगच्छी गांव निवासी शेख हारुन के 26 वर्षीय पुत्र एताज आलम को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में डकरा गांव के गोपीचंद चौधरी के पुत्र परदेसी चौधरी गंभीर रूप से घायल थे. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही परदेशी चौधरी ने भी दम तोड़ दिया.

एक घायल का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

इस दुर्घटना में घायल तीसरे युवक बेलगच्छी निवासी शेख कमाल के 32 वर्षीय पुत्र इंतेसार आलम को भी प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल जांच में जुटी पुलिस : सड़क हादसे की सूचना मिलते ही अमदाबाद के अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की.

उधर, एक साथ दो युवकों की मौत के बाद दोनों मृतकों के घर में मातम पसरा हुआ है व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >