कोढ़ा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में चैत्र में मौसम के रंग बदलने का सिलसिला जारी है. गरुवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे दिन की शुरुआत एक ठंडी और सुहानी फिजा से हुई. हल्की रिमझिम फुहारों ने वातावरण को और भी ताजा बना दिया, जिससे मौसम में ठंडक घुल गयी. बदले मौसम ने छोटे व्यापारियों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए परेशानी खड़ी कर दी .सुबह के समय हुई बारिश के कारण सड़कों पर चहल-पहल कम दिखी. रोज़ कमाने-खाने वाले मजदूरों को काम न मिलने से आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा. ठेले, रेहड़ी-पटरी और सब्जी विक्रेताओं के लिए भी यह मौसम मुश्किल भरा साबित हुआ. कुछ इलाकों में पानी भरने की भी खबरें आईं. दोपहर करीब 2:00 बजे के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिला. बादल धीरे-धीरे छंटने लगीं। हल्की धूप खिलने से बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी. दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद मौसम सुहावना और संतुलित बना रहा, जिससे शाम के समय लोगों ने सुकून महसूस किया. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना बनी रहेगी. हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. किसानों के लिए यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है. दिहाड़ी मजदूरों और छोटे व्यापारियों को इस उतार-चढ़ाव से परेशानी हो सकती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
