– समतल के लिए निगम को शिकायत का नहीं हो रहा असर कटिहार छठ घाट को सजाने व संवारने का अब अंतिम चरण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है. इतना ही नहीं मोहल्ले वासियों द्वारा घर से लेकर छठ घाट तक जाने वाली सड़कों पर लाइटिंग की व्यवस्था में लग गये हैं. इस कार्य में निगम प्रशासन द्वारा बढ़चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है. बावजूद कई वार्ड की सड़क पर गढ्ढानूमा है. जिस पर छठव्रती दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट तक जायेंगे. वार्ड नम्बर एक, दो व तीन में वार्ड के मोहल्ले में उबड़ खाबड़ सड़क छठव्रतियों के लिए अब भी सिर दर्द बना हुआ है. इसको लेकर मोहल्ले वासियों द्वारा पार्षद से लेकर निगम प्रशासन तक गुहार लगा चुके हैं. जिसको लेकर कई सड़कों पर मिट्टी व राविश डालकर चलने लायक बनाया गया. लेकिन अब भी वार्ड नम्बर दो के इंद्रपुरी मोहल्ले प्रवेश करने वाली मुख्य रास्ता उबड़ खाबड़ रहने की वजह से लोग परेशान हैं. मालूम हो कि इस मोहल्ले से करीब हर घर से छठव्रती छठ करने को बीएमपी सात घाट पहुंचते हैं. ऐसे में व्रतियों के साथ श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसा वार्ड के किरण कुमारी, आशा कुमारी, रागिनी कुमारी, मनीषा कुमारी समेत अन्य का कहना है कि इस मोहल्ले में प्रवेश करने के लिए एकमात्र रास्ता है. मोहल्ले में प्रवेश द्वार से मुख्य सड़क पर आने के दौरान कई जगह पर गढ्ढा है. छठ घाट जाने व आने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसी वार्ड के भेरिया रहिका घाट जाने वाली खड़ंजा सड़क का भी हाल बेहाल है. इसी सड़क होकर दो सौ मीटर के अंतराल पर दो छठ घाट पर पहुंचकर व्रती छठ करते हैं. लेकिन ऊंच नीच सड़क से आवागमन को लेकर अभी से ही लोगों के जेहन में डर समाया हुआ है. चिन्हित कर राविश व मिट्टी डाल बनाया जायेगा समतल छठ करने वाले व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. छठ घाट से लेकर घर से निकलने वाली रास्ते को चलने लायक बनाया गया है. शेष रह गये इस तरह के रास्ते व सड़क को चिन्हित कर राविश व मिट्टी डालकर बराबर करने का निर्देश दिया गया है. इतना ही नहीं सड़क पर लाइटिंग की व्यवस्था से लेकर चूना डालकर सजाया जायेगा. ताकि आने वाले राहगीरों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो सके. उषा देवी अग्रवाल, मेयर, नगर निगम
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
