– विजय बाबू पोखर, कोसी छठ घाट, बीएमपी छट घाट पर हजारों की तादाद में अर्घ्य देंगे छठव्रती कटिहार रविवार की शाम महा पर्व छठ को लेकर खरना पूजा संपन्न हो गया. अब सोमवार को यानि आज श्रद्धालु अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके बाद मंगलवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ महा पर्व संपन्न होगा. वहीं छठ को लेकर शहर से लेकर गांव तक के सभी छठ घाट सजधज कर तैयार है. छठ व्रती सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ देंगे. जिसकी तैयारी छठव्रतियों की ओर से पूरी कर ली गयी है. शहर के विजय बाबू पोखर छठ घाट पर हजारों छठ व्रती भगवान सूर्य को अर्घ देंगे. विजय स्र्पोटिंग क्लब के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि बिजय बाबू पोखर पर छठ महापर्व की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. छठ घाट सज धज कर तैयार हो गया है. पानी को साफ करने के लिए चूना का छिड़काव के साथ सिढ़ी का रंग रोंगन कर चकाचक कर दिया गया है. लाइटिंग की व्यवस्था काफी बेहतर की गयी है. विजय बाबू पोखर रोशनी से जगमग कर रहा है. गहरे पानी को देखते हुए घाट के चारों तरफ बेरिकेड़िंग कर घाट को सुरक्षित बनाया गया है. घाट को सजाने के साथ बड़े-बड़े तोरणद्वार बनाये गये हैं. गाजे बाजे के साथ छठ व्रतियों को सभी तरह की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. जिसमें गंगा जल, दूध, मेडिकल सहित सभी तरह की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके साथ ही कारी कोसी छठ घाट, बीएमपी छठ घाट, बैगना नहर छठ घाट, ओटी पाड़ा कृत्रिम छठ घाट, तेजा टोला छठ घाट सहित सभी छोटे-बड़े छठ घाटों पर तैयारी पूरी कर ली गयी है. नगर निगम प्रशासन की ओर से रविवार को तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए हर तरह की कोशिश की जाती रही. छठ व्रतियों को किसी तरह की असुविधा छठ घाट पर नहीं हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है. ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है. सभी छठ घाट को रोशनी की व्यवस्था के साथ घाट जाने के रास्तों को दुरूस्त कर लिया है. वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था से लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जिला प्रशासन की ओर से की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
