जबतपुर घाट पर नहीं बना पुल, वोट बहिष्कार का लगाया नारा

जबतपुर घाट पर नहीं बना पुल, वोट बहिष्कार का लगाया नारा

बारसोई विधान सभा चुनाव को लेकर हलचल बढ़ गई है. वहीं बारसोई प्रखंड के शिवानंदपुर व लगुवा-दासग्राम पंचायत के बीच जबतपुर घाट पर बहुप्रतीक्षित जबतपुर पुल नहीं बनाये जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने शनिवार को जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कारियों ने पुल नहीं तो वोट नहीं का नारा भी बुलंद किया. साथ ही विधानसभा चुनाव बहिष्कार की बात कही. बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने एक सुर में कहा कि उक्त घाट पर पुल नहीं बनने के कारण बरसात के दिनों में यहां आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता हैं. बच्चों का स्कूल जाना मुहाल हो जाता है. बीमारों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि उक्त घाट के दोनों किनारे हजारों लोगों का आशियाना है. इस घाट पर पुल का निर्माण नहीं होने से यहां एक बड़ी आबादी को जान जोखिम में डालकर बरसात के समय नाव के माध्यम से तथा इसके पश्चात चचरी पुल के सहारे नदी पार करने को मजबूर होना पड़ता है. प्रदर्शन कारियों ने एक सुर में कहा कि हम सबों से लंबे समय से पुल निर्माण की बात कह वोट तो ले लिया जाता है. पर जीतने के पश्चात इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है. हमें चुनाव दर चुनाव ठगने का काम किया जाता है. मौके पर आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है. तब तक वे किसी भी जनप्रतिनिधि को वोट नहीं देंगे. ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है. कहते हैं अंचलाधिकारी इस संबंध में अंचल पदाधिकारी बारसोई श्याम सुंदर साहा ने कहा कि आक्रोशित लोगों से मिलकर बात की जायेगी. उन्होंने लोगों से वोट बहिष्कार के निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाते हुए मतदाता की अपील की है. उन्होंने पुल निर्माण की मांग को उच्च पदाधिकारी एवं विभाग के समक्ष रखने की बात कही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >