– पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच पड़ताल की शुरू समेली पोठिया थाना क्षेत्र के पश्चिमी चांदपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन टिकापट्टी चांदपुर में कोसी नदी के निकट एक 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान समेली प्रखंड के पश्चिमी चांदपुर पंचायत निवासी अमरा ऋषि पिता शंकर ऋषि व मां पुकिया देवी के पुत्र के रूप में किया गया. मृतक किशोर की मामी सविता देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें दूरभाष पर सूचना मिली कि अमरा ऋषि को जहर खिलाकर हत्या कर दी गयी है. आरोप लगाया कि बगल के एक पति-पत्नी ने मिलकर किशोर को जहर खिलाया और हत्या के बाद शव को छुपाने की नीयत से कोसी नदी (कोसीधार) के किनारे लगभग पांच फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया. पीड़ित परिवार ने पोठिया थाना को जानकारी दी. पोठिया पुलिस व कटिहार से पहुंची चलंत फॉरेंसिक टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गड्ढे से शव को बाहर निकाला और पहचान करायी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कटिहार सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पीड़ित परिवार ने पोठिया थाना में आवेदन देकर इस हत्याकांड में संलिप्त आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. घटना के बाद से टिकापट्टी चांदपुर गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है. आरोपित फरार हैं. पोठिया थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार, एसआई अंकित कुमार सहित बिहार पुलिस के कई जवान मौजूद थे. समेली सीओ प्रिय रंजन कुमार, कोढ़ा सर्किल इंस्पेक्टर एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. फिलहाल पोठिया पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होने की बात कही जा रही है.
चांदपुर कोसी नदी किनारे से किशोर का शव बरामद, जहर देकर हत्या का आरोप
चांदपुर कोसी नदी किनारे से किशोर का शव बरामद, जहर देकर हत्या का आरोप
