कोढ़ा प्रखंड में बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. प्रखंड के चंदवा, महिनाथपुर, दक्षिण सिमरिया सहित अन्य पंचायतों में मक्के की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय किसानों के अनुसार, पहले से ही अनियमित बारिश ने खेती की स्थिति कमजोर कर दी थी. वहीं, जब मक्के की फसल में दाना आने का समय था, उसी दौरान आई तेज आंधी और बारिश ने खड़ी फसल को जमीन पर गिरा दिया, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है. किसानों का कहना है कि वे पहले ही बैंक और साहूकारों से कर्ज लेकर खेती कर रहे हैं. ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी आर्थिक स्थिति को और भी दयनीय बना दिया है. कई किसानों ने बताया कि अब उनके सामने कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए. ताकि वे इस संकट से उबर सकें.
आंधी-बारिश ने कोढ़ा के किसानों के अरमान पर फेरा पानी
आंधी-बारिश ने कोढ़ा के किसानों के अरमान पर फेरा पानी
