उत्पाद विभाग की कार्रवाई में छह गिरफ्तार, 103 लीटर शराब व पांच बाइक जब्त
जिला समाहर्ता के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी व वाहन चेकिंग अभियान चलाकर छह शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 103 लीटर शराब बरामद की है
कटिहार.
जिला समाहर्ता के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी व वाहन चेकिंग अभियान चलाकर छह शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 103 लीटर शराब बरामद की है. शुक्रवार को सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. तस्करी के उपयोग में लाये गये तीन बाइक व दो स्कूटी को भी जब्त किया है. जिले के सालमारी थाना क्षेत्र के सालमारी – दमदमा रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर श्रवण विश्वास, लालू विश्वास, राजकुमार विश्वास तीनों मोहब्बतपुर, थाना आजमनगर, जिला कटिहार को तीन बाइक पर क्रमशः 15 लीटर, 12 लीटर व 10 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया है. उत्पाद विभाग की टीम ने सेमापुर थाना के शंकरगंज से अर्जुन कुमार चौधरी को एक स्कूटी पर 12 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया. उत्पाद पुलिस ने कोरिया पट्टी मोड पर एक अन्य स्कूटी पर 30 लीटर चुलाई शराब जब्त किया. जिसमें आरोपित फरार होने में सफल हो गया. बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के बसंघों से 25 लीटर चुलाई शराब जब्त किया गया है. मुफ्फसिल थाना के हफला से अंजली देवी को चार लीटर देसी शराब बेचते हुए तथा फलका थाना के हथुवारा से राजेंद्र यादव को 375 मिली लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि उत्पाद विभाग की कार्रवाई में कुल छह अभियुक्तों को पांच वाहन, 108.000 लीटर चुलाई शराब तथा 375 मिली लीटर विदेशी के साथ गिरफ्तार कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.