रिमझिम बारिश के बीच उत्साह से मना सरहुल बहा पूजा

रिमझिम बारिश के बीच उत्साह से मना सरहुल बहा पूजा

सरना स्थल की हुई स्थापना कटिहार पूर्व पंचायत मधेपुरा मुंडा टोला में अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के बैनर तले आदिवासी समाज द्वारा सरहुल बहा पूजा बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. मौसम की बेरुखी और रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई. पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के लोग पूरे जोश और उमंग के साथ इस पर्व में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के लोगों ने प्रकृति पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए विधि-विधान के साथ सरहुल बहा पूजा संपन्न की. धार्मिक अनुष्ठान कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य-गीतों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. इस खास मौके पर मुंडा टोला में सरना स्थल की स्थापना भी की गई, जो पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के राष्ट्र कार्यकारी सदस्य सुरेश उरांव ने कहा कि सरना स्थल आदिवासी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. जहां सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की जाती है. कार्यक्रम में समाज के बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और महिलाएं भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए, सभी ने एकजुटता और अपनी संस्कृति को सहेजने का संकल्प लिया. कार्यकारी सदस्य सुरेश उरांव ने कहा की इस तरह के कार्यक्रम से समाज में एकता और सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण रही कि आदिवासी समाज अपनी परंपराओं और संस्कृति के प्रति कितना समर्पित है. पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष दिनेश मुंडा, सचिव संजय मुंडा, कोषाध्यक्ष अजय मुंडा, दयावंती उराव, सहदेव उरांव, जतन उरांव, डोमा उरांव, रामानंद मुंडा, कुंदन मुंडा, रूपेश मुंडा, रवि मुंडा, सुजल मुंडा, रोहित मुंडा, सोनू मुंडा, आनंद मुंडा, रंजीत मुंडा, लखन मुंडा, गीता मुंडा, मीणा मुंडा, सीमा मुंडा, नूतन मुंडा, लीला मुंडा, सुलेखा मुंडा आदि ने अपनी अहम भूमिका निभाई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >