कटिहार. बिहार विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर सोमवार को आरपीएफ कमांडेंट एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पटना के निर्देशानुसार निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म व ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया. आरपीएफ कमांडेंट व नारकोटिक्स विभाग पटना के अधिकारियों ने कटिहार आरपीएफ कार्यालय पोस्ट प्रभारी राकेश कुमार सहित अन्य आरपीएफ के सहयोग से चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया. यह अभियान कटिहार जंक्शन के स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, आरएमएस क्षेत्र तथा ट्रेनों में के-9 स्वान दस्ता की सहायता से संचालित किया गया. इस दौरान नारकोटिक्स पदार्थ, अवैध शराब, नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की संभावित तस्करी की रोकथाम के लिए गहन तलाशी ली. प्लेटफॉर्म आवागमन कर रहे संदिग्ध की खासकर तलाशी ली जा रही थी. इसके अतिरिक्त ट्रेनों में भी स्वान दस्ता के सहयोग से चेकिंग अभियान चलाया गया. आरपीएफ अधिकारी ने बताया कि यह विशेष अभियान बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
