प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार की देर रात पत्र किया जारी
कटिहार. बिहार विधान आम निर्वाचन 2025 के कई विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के अधिकृत उम्मीदवारों के विरोध में जाकर कार्य करने वाले व टिकट नहीं मिलने पर बगावती बन जाने के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 27 नेताओं व कार्यकर्ताओं को पाटी से निष्कासित किया गया है. कटिहार राजद जिला प्रवक्ता भोला पासवान ने बताया कि पाटी के साथियों द्वारा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में या राष्ट्रीय जनता दल के अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध दल विरोधी आचारण, क्रियाकलाप एवं प्रतिकूल सक्रिय गतिविधियां करने के बारे में पाटी के राज्य मुख्यालय को जानकारी दी गयी थी. प्राप्त सूचना के आधार पर पार्टी के अलग-अलग जिलों से नेताओं, कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल द्वारा निष्कासित किया गया है. इसमें कटिहार राजद के पूर्व विधायक सह पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री डॉ राम प्रकाश महतो को भी पाटी से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है. उन्होंने बताया कि कटिहार से वीआईपी की ओर से सौरभ कुमार अग्रवाल को विधायक का उम्मीदवार बनाया है. इसके विरुद्ध जाकर डॉ राम प्रकाश महतो द्वारा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पर्चा भरकर पार्टी के खिलाफ जाकर बगावत किया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
