बारिश से मक्का की फसल पर संकट के बादल

बारिश से मक्का की फसल पर संकट के बादल

कोढ़ा कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मोन्था तूफान का असर व्यापक रूप से देखा जा रहा है. शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे. साथ ही दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही. बारिश ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया तो वहीं किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें भी गहरा दी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में कीचड़ और जलजमाव से लोगों का निकलना दूभर हो गया है. खेतों में तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा मंडराने लगा है. कोढ़ा,और आसपास के गांवों में बारिश के कारण खेतों में भरा पानी अब मक्का की फसल के लिए मुसीबत बन गयी है. किसानों ने बताया कि इस बार उन्होंने काफी महंगी बीज खरीद कर खेतों में मक्का की बुआई की थी. अब लगातार बारिश से खेतों में जलजमाव हो जाने के कारण बीज गलने की स्थिति में आ गयी है. किसान जितेंद्र पोद्दार ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर मक्का का बीज खरीदा था. मौसम की बेरुखी से सारी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है. खेतों में पानी भरा हुआ है. यदि मौसम जल्द नहीं खुला, तो अधिकांश मक्का का बीज सड़ जायेगा. आर्थिक रूप से भी बड़ी क्षति होगी. क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी बताया कि लगातार हो रही बारिश से तैयार खेतों में काम करना असंभव हो गया है. जिन किसानों ने बोआई पूरी नहीं की थी, वे अब इंतजार में हैं कि कब मौसम सामान्य हो, ताकि वे दोबारा खेतों में उतर सकें. लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि अगर इसी तरह बारिश जारी रही तो खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था की जाए और किसानों को राहत देने के लिए तत्काल मुआवजा योजना लागू की जाय.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >