बिहार विधानसभा चुनाव 2025: विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू कटिहार बिहार विधानसभा 2025 चुनाव को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गयी हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर विधानसभा चुनाव में लगाये जाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों की जानकारी विभिन्न विभागों से मांगी जा रही है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम मनेश कुमार मीणा ने इस आशय से संबंधित निर्देश जारी किया है. केन्द्रीय व राज्य सरकार कार्यालय एवं केन्द्रीय व राज्य सरकार पीएसयू के कार्यालय प्रधान को लिखे पत्र में डीएम ने कहा है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार, पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में आसन्न विधान सभा निर्वाचन 2025 के सफल संचालन के निमित्त कार्मिकों का विहित प्रपत्र में डाटा संग्रहित कर ऑनलाईन प्रविष्टि दिनांक 15-05-2025 तक किया जाना है. इस निर्वाचन कार्य में राज्य व केन्द्र सरकार के अधीन कार्यरत पदाधिकारी, कर्मियों के अतिरिक्त अर्द्धसरकारी यथा बैंक, इन्श्योरेंस कम्पनी आदि कार्यालयों में कार्यरत पदाधिकारी व कर्मचारियों के सेवा ली जानी है. साथ ही किसी भी विभाग में कार्यरत संविदा कर्मी, जो बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाईटी तथा बैल्ट्रॉन द्वारा नियोजित किये गये है. उसका भी डाटाबेस तैयार किया जाना है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार पटना से प्राप्त विहित प्रपत्र एक एवं दो में अपने नियंत्रणाधीन सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों एवं बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाईटी तथा बैल्ट्रॉन द्वारा नियोजित संविदा कर्मी की सूची एक सप्ताह के अन्दर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय. साथ ही इस आशय का प्रमाण पत्र भी दिया जाय कि किसी भी पदाधिकारी, कर्मचारी व संविदा कर्मी का नाम नहीं छूटा है. विहित प्रपत्र जिले के अधिकारिक वेवसाईट पर भी उपलब्ध है. साथ डीएम ने पत्र में कहा है कि सभी नियंत्रणाधीन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने अधीनस्थ कार्यालयों को अपने स्तर से भी संसूचित करते हुए उक्त विहित प्रपत्र के अनुसार वांछित सूचना ससमय उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित निदेशित करना सुनिश्चित करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
