महानंदा कॉलोनी में पेड़ों की कटाई पर विवाद, बिना एनओसी हरे पेड़ काटने का आरोप

कटिहार की महानंदा कॉलोनी में छंटाई के नाम पर हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। वन विभाग ने जांच का आश्वासन दिया है।

Katihar Tree Cutting: कटिहार. महानंदा कॉलोनी में पेड़ों की छंटाई के नाम पर कथित रूप से हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है. मोहल्ले के कई लोगों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर वन विभाग को इसकी सूचना देकर आपत्ति जताई. शिकायत के बाद वनों के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने वनपाल को भेजकर मामले की जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

पेड़ों की कटाई को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति

मामला बीएमपी क्वार्टर के सामने स्थित महानंदा कॉलोनी का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिचौलियों की मिलीभगत से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियां बाहर ले जाई जा रही हैं. लोगों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से कॉलोनी में पेड़ों की नियमित छंटाई नहीं हुई है, जबकि साफ-सफाई और छंटाई के नाम पर हर वर्ष विभाग की ओर से राशि उपलब्ध कराई जाती है.

मोटी लकड़ियां काटकर ले जाने का आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले तीन दिनों में करीब सात से आठ जुगाड़ वाहनों पर टहनियों के साथ मोटी लकड़ियां भी लादकर ले जाने की तैयारी की गई. बुधवार को भी पेड़ों की कटाई किए जाने का दावा किया गया. इससे मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने और हरे-भरे पेड़ों की कटाई रोकने की मांग की है.

घर के ऊपर झुका पेड़ नहीं हटाने पर भी सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई घरों के ऊपर सिमल के पेड़ झुके हुए हैं. आंधी और बारिश के दौरान इनके गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों का आरोप है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों या टहनियों की छंटाई के बजाय स्वस्थ और मोटे पेड़ों को काटा जा रहा है.

'खतरनाक टहनियों की हो रही है छंटाई'

महानंदा के कार्यपालक अभियंता ई अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि कॉलोनी के ऊपर झुकी टहनियों की छंटाई की जा रही है. आंधी-पानी में झुक चुके या गिरने की आशंका वाले पेड़ों की टहनियों को हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस तरह की छंटाई के लिए एनओसी की आवश्यकता नहीं है. विभाग में कार्यरत लोगों के घरों के ऊपर गिरी या गिरने की आशंका वाली टहनियों को हटाया जा रहा है.

वन विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही

Katihar Tree Cutting: वनों के क्षेत्रीय पदाधिकारी सतेन्द्रनाथ झा ने बताया कि महानंदा कॉलोनी में हरे-भरे पेड़ों की कटाई की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि बिना सूचना के पेड़ों की कटाई संभव नहीं है और मामले की जांच के लिए कर्मी को भेजा गया है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और हरे-भरे एवं मोटे पेड़ों की अवैध कटाई पाए जाने पर कार्रवाई की जायेगी.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saroj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >