हार्डवेयर, पार्लर व मोबाइल दुकान को पहुंची भारी क्षति, दमकल कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
मनिहारी. मनिहारी रेलवे गेट के समीप मंगलवार की रात एक बंद दुकान में अचानक भीषण आग लग गयी. देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने आसपास की कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में तीन से चार दुकानें पूरी तरह जल गयी हैं. अगलगी की भयंकर सूचना मिलते ही दुकान मालिक विवेका चौधरी सहित अन्य दुकानदार और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.
दमकल टीम व स्थानीय युवाओं ने बुझायी आग
घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग व मनिहारी थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस की टीम व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय साहसी युवाओं ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने के काम में तत्परता से मदद की. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
इस भीषण अगलगी में एक हार्डवेयर की दुकान, एक लेडीज पार्लर और मोबाइल दुकानों को भारी क्षति पहुंची है. दुकानों के भीतर रखा सारा कीमती सामान, काउंटर व दस्तावेज जलकर खाक हो गये हैं. पीड़ित दुकानदारों के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है.
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
रात के वक्त दुकानें पूरी तरह बंद थीं, इसलिए शुरुआती तौर पर बिजली के शार्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है. हालांकि, अभी तक अगलगी के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है. मनिहारी थाना पुलिस मौके पर डटी रही और पीड़ित दुकानदारों से पूछताछ कर नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ मामले की जांच में जुट गयी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.