ई-रिक्शा चालक प्रीतम हत्याकांड का खुलासा, एक बालिग समेत दो नाबालिग गिरफ्तार

कटिहार में ई-रिक्शा चालक प्रीतम उर्फ गोलू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बालिग सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. अब तक कुल छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं.

Katihar News: फलका (कटिहार). फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी ई-रिक्शा चालक प्रीतम कुमार उर्फ गोलू हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बालिग सहित दो नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार बालिग आरोपित सुजीत कुमार को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्यायालय के निर्देश पर पूर्णिया स्थित सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

धान के खेत से हाथ-पैर बंधा मिला था शव

प्रीतम कुमार उर्फ गोलू देर रात तक घर नहीं लौटा था, जिसके बाद परिजनों ने फलका पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की. इस दौरान मांगनपट्टी जाने वाली पक्की सड़क के किनारे उसका ई-रिक्शा बरामद हुआ. इसके बाद आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जहां बहियार स्थित धान के खेत से प्रीतम का शव हाथ-पैर बंधी अवस्था में बरामद हुआ.

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना को लेकर मृतक की मां नीलम देवी के आवेदन पर फलका थाना कांड संख्या 198/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. पुलिस का दावा है कि लगातार कार्रवाई के बाद करीब 72 घंटे में मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई.

तकनीकी जांच से पुलिस को मिले अहम सुराग

कटिहार एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी. टीम में एफएसएल, डॉग स्क्वायड, तकनीकी शाखा, एसटीएफ एसओजी-2 और जिला डीआईयू के अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक तरीकों से मामले की जांच आगे बढ़ाई.

पहले तीन आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने सोहथा, फलका निवासी दिलीप कुमार, दीपक कुमार और साजन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस के अनुसार पूछताछ में इन आरोपितों ने प्रीतम की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी. इसी जांच के आधार पर पुलिस ने सुजीत कुमार समेत दो नाबालिग आरोपितों को भी गिरफ्तार किया.

रुपये के लेन-देन के विवाद में हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि प्रीतम के साथ पूर्व से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर आरोपितों ने कथित तौर पर अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य से बचने के उद्देश्य से शव को धान के खेत में फेंकने की बात सामने आयी है.

अब तक छह आरोपित गिरफ्तार

Katihar News: पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. हत्याकांड के उद्भेदन और गिरफ्तारी में फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, दारोगा अमरदीप कुमार और विवेक कुमार सिंह की अहम भूमिका रही.

ये भी पढ़ें: कटिहार जंक्शन पर 132 किलोवाट सौर संयंत्र शुरू, लोकोमोटिव पार्क और गोल्फ मार्ग का भी उद्घाटन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अली अहमद

अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >