कोढ़ा. आगामी काली पूजा को लेकर कोढ़ा प्रखंड के विभिन्न जगहों में तैयारियां जोरों पर है. स्थानीय कलाकार मां काली की भव्य प्रतिमा के निर्माण में दिन-रात जुटे हुए हैं. मिट्टी, फाइबर और रंगों से सजती प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है. कोढ़ा के बहरखाल पंचायत के हाट के समीप प्रतिमा निर्माण में पारंपरिक कला के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का भी प्रयोग कर कलाकारों के द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिससे मूर्ति को और भी जीवंत रूप दिया जा सके. कलाकारों का कहना है कि इस वर्ष की प्रतिमा में विशेष ध्यान मां काली के भाव और सौंदर्य को उकेरने पर दिया गया है. पूजा समिति के सदस्यों के द्वारा भव्य मेला के आयोजन की सफलता में जुटे हुए हैं. बहरखाल में आयोजित मां काली मेले की तैयारी के लिए सभी तरह के झुले, रंग बिरंगी मिठाइयों की दुकानें, खिलौने दुकानदारों के द्वारा लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है. मेले में आदिवासी समुदाय के कलाकारों के द्वारा संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा. इस बार पंडाल की थीम भी विशेष होगी, जो सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक आस्था का समावेश करेगी. सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है. इस बाबत बहरखाल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां काली पूजा का भव्य आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में किया जायेगा. श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. उम्मीद की जा रही है कि इस बार की काली पूजा न केवल भक्ति से ओतप्रोत होगी, बल्कि कला और संस्कृति का भी अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
