समेली पोठिया पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए एक पिकअप में लदे ग्यारह मवेशी के साथ तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक पिकअप पर क्रूरता पूर्वक पशुधन का अवैध परिवहन करते हुए कुसियारी गांव की ओर जा रही है. उक्त सूचना के सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई के लिए कुसियारी गांव के निकट वाहन चेकिंग अभियान चलाया. वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ा गया. पकड़ाये गये अभियुक्तों से नाम पता पूछने पर अपना नाम तबरेज आलम, कुसियारी गांव, थाना पोठिया, जैदुल, सैदुर रहमान, दोनों वैसा गोविंदपुर थाना बरारी निवासी बताया. उक्त पिकअप की तलाशी के क्रम में कुल ग्यारह पशुओं को क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए बरामद किया गया. इस संबंध में तीन पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया. पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपित को कटिहार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
ग्यारह मवेशी के साथ तीन तस्कर को पुलिस ने दबोचा
ग्यारह मवेशी के साथ तीन तस्कर को पुलिस ने दबोचा
