– बैठक में जिला परिषद की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कटिहार विकास भवन के सभागार में जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सामान्य बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान व उप विकास आयुक्त अमित कुमार मुख्य रूप से उपस्थिति थे. बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की सम्पुष्टि की गयी. विभागीय समीक्षा समीक्षा व पंचम एवं छठीं राज्य वित्त आयोग की योजनाओं, 15वीं वित्त आयोग की योजनाओं के चयन पर विचार, जिला परिषद कटिहार के आंतरिक आय-स्त्रोत के वृद्धि पर विचार विमर्श किया गया. इन प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत रूप से पृच्छा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने प्रतिवेदन के साथ पृच्छाओं का विश्लेषण करते हुए सर्वसम्मति से सभी जिला परिषद सदस्यों व प्रमुखों को संतुष्ट कराया गया. साथ ही सभी पदाधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन में तेजी लाएं. बैठक में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि कटिहार के समग्र विकास को लेकर हमेशा वह साथ रहेंगे. बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना को लेकर भी समग्र रूप से चर्चा किया गया. साथ ही चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के लंबित कार्यों को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 को लेकर योजनाओं के चयन पर भी विचार किया गया. इस बैठक में जिला परिषद के लिपिक की नियुक्ति को लेकर भी सवाल जवाब किया गया. बैठक में सदस्यों ने इस मामला को उठाते हुए कहा कि जिला परिषद की लिपिक की नियुक्ति को लेकर विभाग से अनुमोदन प्राप्त करने की बात पूर्व में ही की गयी थी. पर अब तक अनुमोदन प्राप्त नहीं हुआ है. इस बात को लेकर सदस्यों ने काफी हंगामा भी किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
