फलका फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा पंचायत के बरंडी नदी किनारे शुक्रवार क़ो अज्ञात बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गये. सूचना मिलते ही फलका थानाध्यक्ष रवि कुमार राय अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि नदी किनारे लोगो ने शव को देखा और शोर मचाया. जब ग्रामीण पहुंचे तो पाया कि बच्चे के पेट से लेकर सीने तक सिलाई के निशान बने हुए हैं. इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि बच्चे की मौत के बाद किसी अस्पताल या अन्य स्थान पर उसका पोस्टमार्टम किया गया होगा. बाद में शव को नदी में फेंक दिया गया है. बच्चे की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. ताकि बच्चे की पहचान हो सके. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. थाना अध्यक्ष ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. जल्द ही सच्चाई सामने लाई जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
