Katihar News कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट :
डीएस कॉलेज के चार, केबी झा कॉलेज के तीन शिक्षकों को प्रखंड स्तर पर खुलने वाले डिग्री कॉलेजों का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया. इसके लिए पूर्णिया विवि के कुलपति के आदेश पर कुलसचिव डॉ अखिलेश कुमार ने चार मई को जिले के सात प्रखंडों के लिए महाविद्यालय व प्रभारी प्राचार्यों को ले नोटिफिकेशन जारी कर दी है.नीतीश मॉडल के तर्ज पर अब प्रखंड में बच्चों को मिलेगी उच्च शिक्षा
कटिहार जिले में डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी युद्धस्तर पर की जा रही है. इसके लिए पूर्णिया विवि के कुलपति के आदेश पर कुलसचिव डॉ अखिलेश कुमार ने चार मई को जिले के सात प्रखंडों के लिए महाविद्यालय व प्रभारी प्राचार्यों को ले नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. अब बच्चे अपने ही प्रखंड में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं. इसको लेकर नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों के सफल संचालन के लिए विवि की ओर से सामान्य निर्देश जारी किये गये हैं. सभी नामित प्रधानाचार्य और प्रतिनियुक्त शिक्षक अपने वर्तमान पदस्थापन स्थल से तत्काल प्रभाव से विरमित माने जायेंगे. उन्हे निर्देश दिया गया है कि वे अपने अपने आवंटित महाविद्यालय के लिए निदिष्ट अस्थायी कक्षा संचालन संस्थान में योगदान करेंगे,उसके बाद सम्बंधित प्रधानाचार्य यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके याेगदान की सूचना लिखित रूप से सम्बंधित जिलाधिकारी को अविलम्ब प्रेषित हो.
जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे
जारी पत्र में कहा गया है कि सभी प्रतिनियुक्त प्रधानाचार्य सम्बंधित जला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर महाविद्यालय के लिए आवश्यक भवन, कक्ष, फनीचर, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया, विषयवार संकाय व्यवस्था, कक्षा संचालन, परीक्षा सम्बंधी तैयारी, अभिलेख संधारण एवं सभी प्रशासनिक कार्यों के लिए पूर्णत: उत्तरदायी होंगे. कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नियमित पठन पाठन प्रारम्भ कराने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जायेगी.
अस्थायी परिसर में कक्षा संचालन
सभी प्रधानाचार्य यह सुनिश्चित करेंगे कि अस्थायी परिसर में कक्षा संचालन के दौरान अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विवि, राज्य सरकार के दिशा निर्देश का पूर्णत: पालन करेंगे. किसी भी प्रकार की प्रशासनिक, वित्तीय अथवा अवसंरचनात्मक समस्या उत्पन्न होने पर सम्बंधित प्रधानाचार्य तत्काल विवि प्रशासन एवं जिला प्रशासन को अवगत कराते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे. यह प्रतिनियोजन अगले आदेश तक अथवा नियमित नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगा. सभी प्रतिनियुक्त शिक्षकों, प्रधानाचायों को वेतन एवं अनुमन्य भत्तों का भुगतान उनके मूल पदस्थापना स्थल, महाविद्यालय से ही देय होगा. इसे सख्ती से अनुपालन किया जाये. किसी भी प्रकार की शिथिलता या आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
इनको दिया गया प्रखंडस्तरीय डिग्री कॉलेज का कमान
केबी झा कॉलेज के डॉ सतीशचन्द्र मिश्रा को अमदाबाद प्रखंड के राजकीय डिग्री महाविद्यालय अमदाबाद मध्य विद्यालय नवरिसया, प्रो वीणा रानी डीएस कॉलेज को राजकीय डिग्री महाविद्यालय मनसाही राजकीय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीएस कॉलेज के डॉ बिलास कुमार झा को कुरसेला राजकीय डिग्री महाविद्यालय के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय जरलाही, डीएस कॉलेज के प्रो मिहिर कुमार ठाकुर को राजकीय डिग्री महाविद्यालय समेली के लिए उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय नवाबगंज,केबी झा कॉलेज के डॉ हेमंत कुमार मिश्रा को राजकीय डिग्री महाविद्यालय हसनगंज में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में, केबी झा कॉलेज के विनय कुमार पांडेय को राजकीय डिग्री महाविद्यालय डंडखोरा में उच्च माध्यमिक विद्यालय सौरिया के लिए चयन किया गया है. जबकि डीएस कॉलेज के डॉ अनवर हुसैन को राजकीय डिग्री कॉलेज रूपौली के लिए आदर्श मध्य विद्यालय बिरौली के लिए नामित किया गया है.
