25 दिनों बाद भी नाबालिग का नहीं लगा सुराग

अपहरण के आरोपित की गिरफ्तारी व बेटी की सुरक्षित बरामदगी की परिजनों ने मांग करते हुए डीएसपी को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगायी है

कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,

जिले के बारसोई थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड संख्या 13 से कथित रूप से लापता हुई एक नाबालिग लड़की का 25 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों का आक्रोश व चिंता बढ़ गई है. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आने से परिजन सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार के पास पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई. पीड़ित परिवार के अनुसार, 10 मई को उनकी नाबालिग पुत्री को कदवा थाना क्षेत्र के गोपीनगर निवासी करण कुमार परिहार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. घटना के बाद परिजनों ने बारसोई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक लड़की की बरामदगी नहीं हो सकी है. लड़की की मां ने बताया कि बेटी के लापता होने के बाद से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है.

अधिकारियों के चक्कर लगा रहे परिजन

उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है. परिजनों का कहना है कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता और बढ़ती जा रही है. उन्होंने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी तथा नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है. डीएसपी कार्यालय पहुंचकर परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की अपील की.

सभी बिंदुओं पर की जा रही जांच

इधर, मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि कांड के अनुसंधानकर्ता द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस लगातार मामले की निगरानी कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है. जबकि पीड़ित परिवार अपनी बेटी की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >