– कदवा से एक प्रत्याशी ने किया नाम वापसी – बलरामपुर में 18, कदवा में 16 प्रत्याशी रहेंगे चुनावी मैदान में बारसोई बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत नामांकन वापसी की अंतिम तिथि गुरुवार को समाप्त हो गयी. बारसोई अनुमंडल के नामांकन केंद्रों पर दिनभर प्रत्याशियों की हलचल बनी रही. पर अंतिम समय तक बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया. इस प्रकार अब बलरामपुर विधानसभा से कुल 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे रहेंगे. कदवा विधानसभा क्षेत्र से एक प्रत्याशी मनीष कुमार मंडल ने अपना नाम वापस ले लिया. जिसके बाद अब वहां 16 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं. बलरामपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी आकांक्षा आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि तक बलरामपुर से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया है. सभी 18 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है. सभी प्रत्याशी अब चुनावी मैदान में सक्रिय रूप से उतर चुके हैं. कदवा विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह डीएसएलआर प्रियंका कुमारी ने बताया कि नाम वापसी के अंतिम दिन एक प्रत्याशी मनीष कुमार मंडल ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. शेष 16 प्रत्याशियों को शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जायेंगे. नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होते ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को और गति देना शुरू कर दिया है. अब प्रत्याशी मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुट गए हैं. चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बलरामपुर में कई दिग्गजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. कदवा में भी मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
